ईरान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के कई मामले आए सामने, 14 साल की मां से लेकर गर्भवती युवती तक की हत्या
ईरान में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के खिलाफ हिंसा के कई खौफनाक मामले सामने आए हैं। कहीं 14 साल की किशोरी की उसके पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी, तो कहीं तलाक मांगने पर गर्भवती महिला को गोली मार दी गई। इसके अलावा एक गर्भवती युवती की उसके माता-पिता ने हत्या कर दी, जबकि एक नाबालिग लड़की को उसके पिता ने पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया। इन घटनाओं ने ईरान में महिलाओं की सुरक्षा और बाल विवाह को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बच्चे को जन्म देने के 10 दिन बाद 14 साल की लड़की की हत्या
ईरान के करमान प्रांत में 6 नवंबर को 14 साल की सोगंद मुश्तारेकी की उसके 20 वर्षीय पति ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोगंद ने घटना से महज 10 दिन पहले बच्चे को जन्म दिया था। बताया जा रहा है कि मायके जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।
ईरान की नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के मुताबिक, आरोपी पति ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उसने पारिवारिक विवाद को इसकी वजह बताया। सोगंद की शादी महज 13 साल की उम्र में कर दी गई थी।
मानवाधिकार संगठन ईरान ह्यूमन राइट्स के अनुसार, सोगंद के पिता ने बताया कि उसका पति उसे मायके वालों से बातचीत नहीं करने देता था और घर में बंद रखता था। कुछ समय पहले सड़क हादसे में घायल हुई सोगंद बच्चे के जन्म के बाद भी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुई थी। मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तलाक मांगने पर गर्भवती महिला को मारी गोली
सोगंद की हत्या वाले दिन ही ईरान के फार्स प्रांत में 21 साल की सेपिदेह रईसी की भी हत्या कर दी गई। वह चार महीने की गर्भवती थी और उसका तीन साल का एक बच्चा भी था।
रिपोर्ट के मुताबिक, सेपिदेह अपने पति से तलाक लेना चाहती थी। इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने उसे गोली मार दी। हमले में उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई।
नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के अनुसार, सेपिदेह की शादी भी 13 साल की उम्र में हुई थी। वह कई साल से पति की मारपीट झेल रही थी।
अक्टूबर में महिलाओं की हत्या के 24 मामले
ईरान की नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में महिलाओं की हत्या के 24 मामले दर्ज किए गए। इनमें ज्यादातर महिलाओं की हत्या उनके घरों में हुई और आरोपियों में उनके परिचित पुरुष शामिल थे।
ब्रिटिश न्यूज चैनल ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, 21 मार्च से 13 अक्टूबर 2026 के बीच 84 महिलाओं और लड़कियों की हत्या हुई। इनमें 75 मामलों में आरोपी पीड़िताओं के परिचित थे। आठ नाबालिग लड़कियों की हत्या उनके पिता, भाई या परिवार के अन्य सदस्यों ने की।
मानवाधिकार संगठन हेंगॉ के मुताबिक, वर्ष 2025 में महिलाओं की हत्या के 207 मामले सामने आए थे। इनमें 31 हत्याएं परिवार की इज्जत के नाम पर की गईं। कम से कम 13 महिलाओं की हत्या शादी का प्रस्ताव ठुकराने, 10 की तलाक मांगने और 10 की बाल विवाह के बाद उनके पतियों ने की थी।
गर्भवती युवती समेत तीन महिलाओं की हत्या के मामले
ईरान में महिलाओं की हत्या से जुड़े तीन अन्य मामले भी सामने आए हैं।
1. गर्भवती बेटी की माता-पिता ने की हत्या
19 साल की हेलिया फत्ताही दो महीने की गर्भवती थी। उसने पिछले सप्ताह अपने परिवार को गर्भावस्था की जानकारी दी थी। हेंगॉ के मुताबिक, उसके माता-पिता वोरिया फत्ताही और लैला वेसी ने कथित तौर पर पहले उसे जबरन करीब 30 गोलियां खिलाईं और मारपीट की। इसके बाद तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताई।
2. शादी से इनकार करने पर पूर्व प्रेमी ने गोली मारी
18 नवंबर को गिलान प्रांत में 23 साल की सादफ हगबिन की जन्मदिन की पार्टी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इस मामले में उसका पूर्व प्रेमी आरोपी है। खबरऑनलाइन की रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि युवती के शादी से इनकार करने पर उसकी हत्या की गई हो सकती है।
3. पिता पर बेटी को पांचवीं मंजिल से फेंकने का आरोप
15 नवंबर को केरमानशाह में 16 साल की सोगंद सय्यादी का शव एक अपार्टमेंट की इमारत के आंगन में मिला। हेंगॉ के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले लड़की ने स्कूल में कहा था कि पिता के साथ घर जाने पर उसकी जान को खतरा है।
आरोप है कि उसके पिता कियोमार्स सय्यादी ने स्कूल में और फिर बाहर उसकी पिटाई की। अगले दिन उसे अपार्टमेंट की पांचवीं मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। पुलिस ने पिता को हिरासत में लिया है। वहीं, लापरवाही के आरोप में स्कूल की प्रिंसिपल को भी गिरफ्तार किया गया है।
ईरान के कानून में ऑनर किलिंग पर क्या सजा है?
ईरान में परिवार की इज्जत के नाम पर की जाने वाली हत्या को लेकर कानूनी प्रावधानों पर भी सवाल उठते रहे हैं। इस्लामिक पीनल कोड की धारा 301 के तहत पिता और दादा को अपनी संतान की हत्या के मामले में किसास यानी हत्या के बदले मौत की सजा से छूट मिल सकती है।
ऐसे मामलों में आमतौर पर 3 से 10 साल तक की जेल का प्रावधान बताया जाता है। वहीं, हत्या के अन्य मामलों में परिस्थितियों के आधार पर मौत की सजा भी दी जा सकती है।
अलग-अलग मानवाधिकार संगठनों के अनुमान के मुताबिक, ईरान में हर साल कम से कम 450 महिलाओं की परिवार की इज्जत के नाम पर हत्या कर दी जाती है। हालांकि, कई घटनाएं दर्ज नहीं हो पातीं, इसलिए वास्तविक आंकड़ा इससे अधिक होने की आशंका जताई जाती है।
इन घटनाओं ने बाल विवाह, घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ईरान में कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की जरूरत को फिर से चर्चा में ला दिया है।

