मक्का के दक्षिण में हूती ड्रोन को सऊदी एयर डिफेंस ने मार गिराया, वीडियो में जाने पवित्र स्थलों की सुरक्षा पर अलर्ट
सऊदी अरब के एयर डिफेंस सिस्टम ने मंगलवार को मक्का के दक्षिण में एक हूती ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बुधवार को इस घटना की जानकारी दी। गठबंधन के मुताबिक, ड्रोन को मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने से पहले ही रोक लिया गया। घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मक्का इस्लाम का सबसे पवित्र शहर माना जाता है। यहां मुस्लिमों के प्रमुख धार्मिक स्थल मौजूद हैं और हर साल दुनिया के अलग-अलग देशों से लाखों श्रद्धालु हज तथा उमरा के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मक्का के आसपास किसी भी संदिग्ध ड्रोन या हवाई गतिविधि को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया जाता है।
सैन्य गठबंधन ने हूतियों को दी चेतावनी
सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने कहा कि पवित्र स्थलों औरतीर्थयात्रियों की सुरक्षा सऊदी अरब के लिए रेड लाइन है। उन्होंने कहा कि गठबंधन तीर्थयात्रियों और पवित्र स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाएगा।अल-मलिकी के मुताबिक, ड्रोन को मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में दाखिल होने से पहले ही इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया। घटना में किसी तरह के नुकसान या जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।सऊदी अधिकारियों की ओर से इस घटना को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया गया है, क्योंकि मक्का में लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है।
हूतियों ने मक्का को निशाना बनाने से किया इनकार
दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों ने मक्का या किसी अन्य पवित्र स्थल को निशाना बनाने की बात से इनकार किया है। हूतियों की समाचार एजेंसी SABA के मुताबिक, संगठन की ओर से मक्का या अन्य धार्मिक स्थलों के लिए कोई खतरा नहीं है।इस बयान के बाद घटना को लेकर दोनों पक्षों के दावों में अंतर सामने आया है। सऊदी नेतृत्व वाला गठबंधन ड्रोन को हूती गतिविधि से जोड़ रहा है, जबकि हूती पक्ष ने पवित्र स्थलों को निशाना बनाने के आरोप को खारिज किया है।
2017 में भी सामने आया था ऐसा आरोप
सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने इस घटना को मक्का को निशाना बनाने की हूतियों की दूसरी कोशिश बताया। इससे पहले जुलाई 2017 में भी सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूतियों पर मक्का की दिशा में बैलिस्टिक मिसाइल दागने का आरोप लगाया था।हालांकि, हूतियों ने उस समय भी मक्का को निशाना बनाने के आरोप से इनकार किया था। मौजूदा घटना के बाद एक बार फिर मक्का की सुरक्षा और क्षेत्र में सक्रिय ड्रोन गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मक्का में दुनिया भर से आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हु सऊदी सुरक्षा एजेंसियों के लिए हवाई सुरक्षा अहम मुद्दा है। फिलहाल ताजा घटना में किसी नुकसान या हताहत की सूचना नहीं है और दोनों पक्षों की ओर से इस घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

