Samachar Nama
×

Russia Ukraine War: यूरोप ने यूक्रेन से ज्यादा रूस को दिया पैसा? जेरेड कुशनर के दावे से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल

Russia Ukraine War: यूरोप ने यूक्रेन से ज्यादा रूस को दिया पैसा? जेरेड कुशनर के दावे से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद और विशेष दूत जेरेड कुशनर ने यूरोपीय देशों की रूस नीति पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूरोप ने रूस से 23 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ईंधन खरीदा। कुशनर के मुताबिक, इस अवधि में यूरोपीय देशों ने यूक्रेन को जितनी आर्थिक सहायता दी, उससे ज्यादा रकम रूस को ऊर्जा खरीद के जरिए पहुंचाई।

एक इंटरव्यू में कुशनर ने यूक्रेन युद्ध को दूसरों के जरिए लड़ा जा रहा युद्ध बताया। उन्होंने कहा कि यूरोप एक तरफ यूक्रेन को रूस के खिलाफ लड़ने के लिए हथियार और आर्थिक मदद दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ रूस से ऊर्जा खरीदकर उसकी कमाई भी बढ़ा रहा है। हालांकि, यह आंकड़ा कुशनर का दावा है।

यूरोप ने यूक्रेन को दी 25.8 लाख करोड़ रुपये की मदद

यूरोपीय संघ (EU) के आंकड़ों के मुताबिक, रूस के हमले के बाद से यूरोपीय संघ और उसके 27 सदस्य देशों ने यूक्रेन को करीब 25.8 लाख करोड़ रुपये की सहायता दी है। इसमें आर्थिक मदद, सैन्य सहयोग, सैनिकों को प्रशिक्षण और शरणार्थियों की सहायता शामिल है।

इस कुल सहायता में लगभग 13.8 लाख करोड़ रुपये आर्थिक मदद के रूप में दिए गए। इस राशि से यूक्रेन में सरकारी कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और अस्पतालों, स्कूलों सहित जरूरी सार्वजनिक सेवाओं को जारी रखने में मदद मिली।

इसके अलावा यूरोपीय देशों ने करीब 8.2 लाख करोड़ रुपये के हथियार और सैन्य उपकरण उपलब्ध कराए। इनमें मिसाइल, टैंक और गोला-बारूद शामिल हैं। यूरोपीय संघ के सैन्य मिशन के तहत करीब 85 हजार यूक्रेनी सैनिकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।

2025 में यूरोप ने बढ़ाया सैन्य सहयोग

जर्मनी के कील इंस्टीट्यूट की फरवरी 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, यूरोप ने 2025 में यूक्रेन को दी जाने वाली सहायता में बढ़ोतरी की। 2022 से 2024 के औसत की तुलना में 2025 में यूरोप की सैन्य मदद 67 फीसदी बढ़ी, जबकि आर्थिक और मानवीय सहायता में 59 फीसदी की वृद्धि हुई।

इसी दौरान अमेरिका ने यूक्रेन को नई सैन्य सहायता काफी कम कर दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में अमेरिका ने केवल 40 करोड़ यूरो की नई सैन्य मदद दी। ऐसे में यूरोपीय देशों ने अमेरिकी सहायता में आई कमी को पूरा करने के लिए अपना योगदान बढ़ाया।

जमीन के मुद्दे पर अटकी शांति वार्ता

कुशनर ने रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौते को लेकर भी अहम बात कही। उनके मुताबिक, बातचीत में सबसे बड़ी बाधा पूर्वी यूक्रेन के उन इलाकों को लेकर है, जिन पर रूस अपना दावा करता है। दोनों देशों के बीच इन क्षेत्रों के भविष्य को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है।

कुशनर ने बताया कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तथा उनकी टीम के साथ कई घंटे बातचीत की है। इन बैठकों में जमीन का मुद्दा सबसे बड़ी रुकावट के रूप में सामने आया। दोनों अमेरिकी प्रतिनिधि युद्ध समाप्त कराने के लिए रूस के साथ बातचीत में शामिल हैं।

रूस के मिसाइल हमले में यूक्रेन में कई लोग घायल

इस बीच रूस की ओर से यूक्रेन पर हमले जारी हैं। हाल ही में राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह पर मिसाइल हमला किया गया। जेलेंस्की के मुताबिक, हमले के बाद शहर में चार स्थानों पर आग लग गई।

इस दौरान 25 अपार्टमेंट इमारतों के अलावा अस्पताल, स्कूल, दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा। हमले में सात साल के बच्चे और 20 साल की युवती की मौत हो गई, जबकि छह बच्चों समेत 60 लोग घायल हुए।

Share this story

Tags