बलूचिस्तान में एक बार फिर फूटा बगावत का ज्वालामुखी! BLA के हमले में मारे गए पाकिस्तानी सेना के 6 जवान, जानिए पूरा मामला

बलूचिस्तान में 6 पाकिस्तानी सैनिकों की हत्या की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है। BLA ने अपने बयान में कहा कि इन झड़पों में उसके तीन लड़ाके भी मारे गए हैं। ये झड़पें क्वेटा, कलात और सियाज़ी में हुईं। BLA के लड़ाके IED और मोटरसाइकिल से हमला करने की रणनीति अपना रहे हैं। इन लड़ाकों ने पाकिस्तानी सैन्य काफिलों को निशाना बनाया। 22 जून को क्वेटा में BLA और पाकिस्तानी सैनिक आमने-सामने आ गए थे, जिसके बाद सशस्त्र झड़प हुई थी।
पाकिस्तान पर दमन का आरोप
इससे पहले 20 जून को BLA ने लिंगासी में भी पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की थी। आपको बता दें कि BLA बलूचिस्तान में सक्रिय सशस्त्र अलगाववादी समूह है। यह समूह लंबे समय से पाकिस्तान सरकार और सेना पर दमन का आरोप लगाता रहा है और स्वतंत्र बलूचिस्तान की मांग करता रहा है।
पाकिस्तान पर कई बार बलूचिस्तान की आबादी को लाभ पहुंचाए बिना क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों - गैस, खनिज आदि का दोहन करने का आरोप लगाया गया है। बीएलए ने चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे का भी विरोध किया है।ह्यूमन राइट्स वॉच और एमनेस्टी इंटरनेशनल जैसे अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने हमेशा बलूचिस्तान में मानवाधिकारों के उल्लंघन के बारे में चिंता व्यक्त की है। पाकिस्तानी सेना पर बलूच कार्यकर्ताओं, छात्रों और पत्रकारों की हत्या का आरोप है।