इजराइल में बदल सकती है सत्ता, नेतन्याहू को झटका; वीडियो में जाने गादी आइजनकोट के गठबंधन को 67 सांसदों का समर्थन
इजराइल में अगला प्रधानमंत्री कौन होगा, इसका ऐलान राष्ट्रपति इसाक हर्जोग रविवार को कर सकते हैं। देश में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सत्ता पर बने रहने की उम्मीदों को झटका लगता दिखाई दे रहा है। दरअसल, सरकार बनाने के लिए संसद में कम से कम 61 सांसदों का समर्थन जरूरी है, जबकि गादी आइजनकोट के नेतृत्व वाले गठबंधन को 6 राजनीतिक पार्टियों के कुल 67 सांसदों का समर्थन मिलने की बात सामने आई है। वहीं, नेतन्याहू के पास फिलहाल केवल 46 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है।ऐसे में राजनीतिक समीकरण गादी आइजनकोट के पक्ष में नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि राष्ट्रपति हर्जोग नेतन्याहू को सरकार बनाने का पहला मौका देने से बच सकते हैं। हालांकि, अंतिम फैसला राष्ट्रपति ही करेंगे और इसके लिए उन्हें विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बातचीत के बाद स्थिति का आकलन करना होगा।
सरकार बनाने के लिए 61 सांसदों का समर्थन जरूरी
इजराइल की संसद में कुल 120 सदस्य होते हैं। ऐसे में किसी भी दल या गठबंधन को सरकार बनाने के लिए कम से कम 61 सांसदों का समर्थन हासिल करना होता है। मौजूदा राजनीतिक स्थिति में किसी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। यही वजह है कि देश में सरकार बनाने के लिए अलग-अलग राजनीतिक दलों को गठबंधन करना पड़ता है।गादी आइजनकोट के गठबंधन को 6 पार्टियों के 67 सांसदों का समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। दूसरी तरफ बेंजामिन नेतन्याहू के समर्थन में 46 सांसद बताए जा रहे हैं। इन आंकड़ों के आधार पर आइजनकोट का गठबंधन सरकार बनाने की दौड़ में आगे दिखाई दे रहा है।
राष्ट्रपति ने सभी दलों के नेताओं से की बातचीत
राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने गुरुवार को संसद में चुनी गई सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं के साथ मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने सरकार गठन को लेकर उनकी राय और समर्थन की स्थिति को समझने की कोशिश की।बैठक के बाद राष्ट्रपति ने कहा कि पहली नजर में सांसदों की राय स्पष्ट दिखाई देती है, लेकिन अलग-अलग राजनीतिक गुटों के बीच कई मुद्दों पर सहमति नहीं है। राजनीतिक दलों के बीच एक-दूसरे को लेकर आपत्तियां भी हैं। ऐसे में केवल सांसदों की सिफारिश के आधार पर यह तय करना सही नहीं होगा कि कौन सरकार बनाने में सक्षम है।
पार्टी नेताओं से अलग-अलग बातचीत करेंगे हर्जोग
राष्ट्रपति हर्जोग ने संकेत दिया है कि वह कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं से अलग से बातचीत करेंगे। इसका उद्देश्य यह समझना है कि गठबंधन के भीतर वास्तव में कितनी सहमति है और कौन-सा नेता स्थिर सरकार बनाने की स्थिति में है।इजराइल में सरकार गठन की प्रक्रिया में राष्ट्रपति की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्हें राजनीतिक दलों और सांसदों से मिले समर्थन के आधार पर प्रधानमंत्री पद के लिए नेता को सरकार बनाने का अवसर देना होता है।अब सभी की नजर रविवार को होने वाली राष्ट्रपति की घोषणा पर है। यदि गादी आइजनकोट को सरकार बनाने का मौका मिलता है, तो यह बेंजामिन नेतन्याहू के राजनीतिक भविष्य के लिहाज से बड़ा घटनाक्रम होगा। हालांकि, अंतिम तस्वीर राष्ट्रपति के फैसले और गठबंधन की औपचारिक स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही सामने आएगी।

