Samachar Nama
×

घाना की संसद में बोले PM Modi! कहा- भारत और घाना साझेदारी के नए युग में प्रवेश कर रहे हैं, जाने क्यों ख़ास है प्रधानमंत्री का ये दौरा ?

घाना की संसद में बोले PM Modi! कहा- भारत और घाना साझेदारी के नए युग में प्रवेश कर रहे हैं, जाने क्यों ख़ास है प्रधानमंत्री का ये दौरा ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को घाना पहुंचे। यहां पहुंचते ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पिछले 30 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली घाना यात्रा है। पीएम मोदी ने घाना की संसद को भी संबोधित किया। पीएम ने कहा कि मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है। हमारे लिए लोकतंत्र एक व्यवस्था नहीं, एक संस्कृति है। देशवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए पीएम ने कहा कि कल शाम का अनुभव बहुत ही मार्मिक था, अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति जॉन महामा से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करना सम्मान की बात है। मैं भारत के 140 करोड़ लोगों की ओर से इस सम्मान के लिए घाना के लोगों को धन्यवाद देता हूं।

पीएम ने कहा- सम्मानित महसूस कर रहा हूं

पीएम मोदी ने कहा, 'दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के प्रतिनिधि के तौर पर मैं अपने साथ 140 करोड़ भारतीयों की सद्भावना और शुभकामनाएं लेकर आया हूं। घाना को सोने की धरती के तौर पर जाना जाता है, न सिर्फ आपकी धरती के नीचे छिपी चीजों के लिए बल्कि आपके दिलों में मौजूद गर्मजोशी और ताकत के लिए भी।' उन्होंने कहा, 'मैं घाना गणराज्य की संसद को संबोधित करते हुए बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। घाना में होना सौभाग्य की बात है, यह ऐसी भूमि है जो लोकतंत्र की भावना को प्रसारित करती है।'

वैश्विक शासन में सुधारों का जिक्र

पीएम मोदी ने कहा, 'भारत लोकतंत्र की जननी है। हमारे लिए लोकतंत्र एक व्यवस्था नहीं, बल्कि एक संस्कृति है। भारत में 2,500 से अधिक राजनीतिक दल हैं, 20 अलग-अलग दल अलग-अलग राज्यों पर शासन करते हैं, 22 आधिकारिक भाषाएं हैं, हजारों बोलियां हैं। यही वजह है कि भारत आने वाले लोगों का हमेशा खुले दिल से स्वागत किया जाता है।'

पीएम ने कहा कि 'दुनिया जलवायु परिवर्तन, महामारी, आतंकवाद और साइबर सुरक्षा जैसे नए और जटिल संकटों का भी सामना कर रही है। पिछली सदी में बनी संस्थाएं जवाब देने के लिए संघर्ष कर रही हैं। बदलती परिस्थितियों के लिए वैश्विक शासन में विश्वसनीय और प्रभावी सुधारों की आवश्यकता है। हमें गर्व है कि हमारी अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ जी-20 का स्थायी सदस्य बना।'

Share this story

Tags