3 दिन के दौरे पर मनीला पहुंचे PM मोदी, ट्रम्प से होगी मुलाकात; क्वाड बैठक में चीन के बढ़ते प्रभाव पर हो सकती है चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरे के दौरान पीएम मोदी 17 नवंबर को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से भी मुलाकात होने की संभावना है।
मनीला में होने वाली क्वाड देशों की बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के नेता शामिल होंगे। बैठक में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री सहयोग और क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
मनीला में ट्रम्प की यात्रा के विरोध में प्रदर्शन, 300 लोग हिरासत में
आसियान समिट के आयोजन स्थल के पास अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की प्रस्तावित यात्रा और अमेरिकी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल करीब 300 लोगों को हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारी अमेरिका की नीतियों का विरोध कर रहे थे।
क्वाड बैठक में चीन के बढ़ते प्रभाव पर रहेगी नजर
क्वाड चार देशों का एक रणनीतिक समूह है, जिसमें भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसकी शुरुआत 2007 में हुई थी। हालांकि, चीन की नाराजगी और सदस्य देशों के बीच अलग-अलग परिस्थितियों के कारण 2008 में इसकी गतिविधियां धीमी पड़ गई थीं।
अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 2017 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान क्वाड को दोबारा सक्रिय करने में अहम भूमिका निभाई थी। इसका मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्वतंत्रता, सुरक्षा और सहयोग को मजबूत करना है।
मनीला में होने वाली बैठक करीब दो साल बाद चारों देशों के नेताओं की पहली आमने-सामने मुलाकात होगी। ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल में यह पहली क्वाड लीडर्स मीटिंग भी होगी। माना जा रहा है कि बैठक में चीन के बढ़ते क्षेत्रीय प्रभाव, समुद्री सुरक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग पर विशेष चर्चा होगी।
फिलीपींस के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को दिया न्योता
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आसियान समिट में शामिल होने का न्योता दिया है। सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा, व्यापार, जलवायु परिवर्तन और क्षेत्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
आसियान यानी एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन है। इसकी स्थापना 8 अगस्त 1967 को हुई थी। शुरुआत में इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर और थाईलैंड इसके सदस्य बने थे। संगठन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय शांति बनाए रखना, आपसी विवादों को बातचीत से सुलझाना और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना था।
दुनिया के व्यापार के लिए बेहद अहम है दक्षिण-पूर्व एशिया
दक्षिण-पूर्व एशिया दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक क्षेत्रों में शामिल है। हिंद महासागर और प्रशांत महासागर के बीच स्थित होने के कारण यहां के समुद्री रास्ते अंतरराष्ट्रीय व्यापार में बड़ी भूमिका निभाते हैं।
मलक्का जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापारिक मार्गों में से एक है। मध्य-पूर्व से चीन, जापान और दक्षिण कोरिया तक पहुंचने वाला बड़ी मात्रा में तेल इसी रास्ते से गुजरता है। इसके अलावा दक्षिण चीन सागर से हर साल बड़ी मात्रा में सामान का अंतरराष्ट्रीय व्यापार होता है।
अगर इस क्षेत्र में तनाव बढ़ता है या समुद्री रास्तों पर जहाजों की आवाजाही प्रभावित होती है, तो इसका असर तेल की सप्लाई, व्यापार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। इसी वजह से भारत, अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के लिए यह क्षेत्र रणनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है।
भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी में आसियान की अहम भूमिका
भारत के लिए आसियान दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ व्यापार, निवेश और सुरक्षा संबंध मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच है। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का उद्देश्य भी इस क्षेत्र के देशों के साथ आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाना है।
भारत इन देशों के साथ व्यापार बढ़ाने, सड़क और समुद्री संपर्क बेहतर करने तथा रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने पर जोर दे रहा है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना भी भारत की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
भारत और आसियान ने 2026 को समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है। वहीं, 2027 में भारत और आसियान के बीच संवाद के 35 साल पूरे होंगे। इसके साथ ही रणनीतिक साझेदारी के 5 साल भी पूरे होंगे।
ईस्ट एशिया समिट में 19 देशों के नेता होंगे शामिल
17 नवंबर को होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में भारत के साथ आसियान के 11 सदस्य देश हिस्सा लेंगे। बैठक में दोनों पक्ष अपने संबंधों की समीक्षा करेंगे और 2026 से 2030 तक के सहयोग से जुड़े कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।
इसी दिन 21वां ईस्ट एशिया समिट भी आयोजित होगा। इसमें आसियान के 11 देशों के अलावा भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, अमेरिका, रूस, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शामिल होंगे। इस तरह सम्मेलन में कुल 19 देशों की भागीदारी होगी।
बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा, अंतरराष्ट्रीय व्यापार, आर्थिक सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की मौजूदा चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।
आसियान ने तुर्किये को बनाया 12वां डायलॉग पार्टनर
आसियान ने तुर्किये को अपना 12वां डायलॉग पार्टनर बनाया है। इसके बाद तुर्किये संगठन के साथ नियमित बातचीत और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग कर सकेगा। इसके अलावा डेनमार्क, जर्मनी और कतर को कुछ विशेष क्षेत्रों में सहयोग के लिए साझेदार बनाया गया है।
सम्मेलन में डिजिटल कारोबार से जुड़े समझौते को 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य भी रखा गया है। इससे सदस्य देशों के बीच ऑनलाइन व्यापार, डिजिटल सेवाओं और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
फिलीपींस ने सम्मेलन के दौरान इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल के साथ अपने खानपान और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी भी लगाई है।

