पीएम मोदी इंडोनेशिया पहुंचे, राष्ट्रपति ने किया स्वागत; वीडियो में जाने ब्रह्मोस मिसाइल डील पर लग सकती है मुहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को इंडोनेशिया पहुंचे। इंडोनेशिया की सीमा में प्रवेश करते ही मेजबान देश के फाइटर जेट्स ने उनके विशेष विमान को एस्कॉर्ट किया। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह मोदी का इंडोनेशिया का तीसरा दौरा है। यरपोर्ट पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा, व्यापार, निवेश और सामरिक सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
₹2,500 करोड़ की ब्रह्मोस मिसाइल डील पर लग सकती है मुहर
भारत और इंडोनेशिया के बीच होने वाली बैठक में करीब 2,500 करोड़ रुपये की ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल डील पर मुहर लगने की संभावना है। यदि यह समझौता होता है तो दोनों देशों के रक्षा संबंधों को नई मजबूती मिलेगी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग और बढ़ेगा।
प्रम्बानन हिंदू मंदिर भी जाएंगे पीएम मोदी
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी इंडोनेशिया के प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर भी जाएंगे। 9वीं शताब्दी में निर्मित यह मंदिर भगवान शिव, विष्णु और ब्रह्मा को समर्पित है। यह विश्व प्रसिद्ध मंदिर यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है और इंडोनेशिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख प्रतीक माना जाता है।
मुस्लिम बहुल देश में दिखती है हिंदू-बौद्ध संस्कृति की झलक
इंडोनेशिया दुनिया की सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी वाला देश है, लेकिन यहां की सांस्कृतिक विरासत पर हिंदू और बौद्ध सभ्यता का गहरा प्रभाव आज भी दिखाई देता है। देश में रामायण पर आधारित रामलीला का मंचन किया जाता है। राष्ट्रीय एयरलाइन का नाम गरुड़ है, जो हिंदू पौराणिक परंपरा से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा, इंडोनेशिया की मुद्रा के एक नोट पर भगवान गणेश की तस्वीर भी पहले छप चुकी है।
भारत-इंडोनेशिया संबंधों को मिलेगी नई मजबूती
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच रक्षा, समुद्री सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और सांस्कृतिक संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल समझौते के साथ-साथ कई अन्य द्विपक्षीय समझौतों पर भी सहमति बनने की संभावना है।

