Samachar Nama
×

पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 1000 रुपए लीटर तक पहुंचने का खतरा, सरकार ने दी बड़ी चेतावनी

पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 1000 रुपए लीटर तक पहुंचने का खतरा, सरकार ने दी बड़ी चेतावनी

पाकिस्तान में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने चेतावनी दी है कि अगर देश में पेट्रोल की कमी होती है, तो इसकी कीमत बढ़कर 1000 पाकिस्तानी रुपए प्रति लीटर तक पहुंच सकती है।फिलहाल पाकिस्तान में पेट्रोल करीब 389 रुपए प्रति लीटर और डीजल 424 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मंत्री के मुताबिक, पिछले कुछ समय में पेट्रोल की कीमत में करीब 50 फीसदी तक बढ़ोतरी हो चुकी है।

इस बढ़ोतरी के पीछे मिडिल ईस्ट में चल रही जंग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को प्रमुख वजह बताया जा रहा है। 28 फरवरी को पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत करीब 258 रुपए प्रति लीटर थी, जो अब बढ़कर 389 रुपए हो चुकी है। यानी कीमत में करीब 131 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।

बाइक और छोटे वाहनों के लिए सब्सिडी

बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए पाकिस्तान सरकार ने बाइक, रिक्शा और 800 सीसी तक की कारों के लिए पेट्रोल सब्सिडी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत पात्र लोगों को पेट्रोल पर 100 रुपए प्रति लीटर तक की सब्सिडी दी जा रही है।

सरकार के मुताबिक, पात्र व्यक्ति को हर महीने 4 टोकन दिए जाएंगे और प्रत्येक टोकन पर 500 रुपए की सब्सिडी मिलेगी। योजना में 1 जनवरी 2006 से रजिस्टर्ड मोटरसाइकिलों को भी शामिल किया गया है।

सरकार के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 17.5 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। करीब 15 लाख टोकन जारी किए जा चुके हैं, जबकि 6.80 लाख से ज्यादा टोकन का इस्तेमाल भी हो चुका है।

अक्टूबर तक मिल सकता है पाकिस्तान को घरेलू तेल

पाकिस्तान सरकार देश के अंदर नए तेल भंडार खोजने की कोशिश में भी जुटी है। पेट्रोलियम मंत्री के मुताबिक, कुछ तेल कुओं पर काम शुरू हो चुका है और अक्टूबर तक कच्चा तेल मिलने की उम्मीद है।

सरकार ने तेल और गैस की खोज के लिए कंपनियों को नए ब्लॉक भी दिए हैं। इसका उद्देश्य देश में घरेलू तेल उत्पादन बढ़ाना और विदेशों से महंगा तेल खरीदने पर होने वाले खर्च को कम करना है।

अगर नए कुओं से व्यावसायिक स्तर पर तेल का उत्पादन शुरू होता है, तो पाकिस्तान अपनी जरूरत का कुछ हिस्सा घरेलू स्तर पर पूरा कर सकेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने का असर भी कुछ हद तक कम हो सकता है।

बांग्लादेश में भी बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम

दूसरी ओर, बांग्लादेश में भी ईंधन की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की गई है। सरकार ने पेट्रोल-डीजल समेत अन्य ईंधनों के दाम 17.4 फीसदी तक बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें 21 सितंबर से लागू हो गई हैं।

नई दरों के मुताबिक, बांग्लादेश में डीजल 115 से बढ़कर 135 टका प्रति लीटर, पेट्रोल 140 से बढ़कर 160 टका, ऑक्टेन 145 से बढ़कर 165 टका और केरोसिन 135 से बढ़कर 155 टका प्रति लीटर हो गया है।

बांग्लादेश के ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, मार्च 2026 से अंतरराष्ट्रीय ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। सरकार का कहना है कि इसका सीधा असर सरकारी तेल कंपनी बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉरपोरेशन यानी BPC की लागत पर पड़ा है।

ईंधन की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर आगे ट्रांसपोर्ट, सामान की लागत और महंगाई पर भी पड़ सकता है। ऐसे में पाकिस्तान के साथ-साथ बांग्लादेश में भी महंगे ईंधन का दबाव आम लोगों और कारोबारियों पर बढ़ता नजर आ रहा है।

Share this story

Tags