अमेरिका में तकनीकी गड़बड़ियों से मचा हड़कंप, एनएसए का गुप्त संचार नेटवर्क भी हुआ ठप; वीडियो में जाने बैंकिंग से लेकर हवाई सेवाओं तक पर पड़ा असर
अमेरिका में पिछले कुछ दिनों से सरकारी एजेंसियों, बैंकों, प्रौद्योगिकी कंपनियों और विमानन सेवाओं के कंप्यूटर सिस्टम में लगातार तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। इन घटनाओं ने देश की डिजिटल व्यवस्था और सुरक्षा नेटवर्क को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को अमेरिकी खुफिया एजेंसी नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (एनएसए) का गोपनीय संचार नेटवर्क भी ठप हो गया। इसी दिन एप्पल की कई सेवाओं में भी व्यवधान आया। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट, बैंकिंग सेवाओं, विमान यातायात नियंत्रण और यूनाइटेड एयरलाइंस के सिस्टम में खराबी की खबरें सामने आई थीं।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि अलग-अलग एजेंसियों और कंपनियों में आई तकनीकी गड़बड़ियों के पीछे अलग-अलग कारण हैं। अब तक किसी साइबर हमले या विदेशी साजिश से जुड़े सबूत नहीं मिले हैं। हालांकि, एक के बाद एक कई महत्वपूर्ण डिजिटल सेवाओं के प्रभावित होने से अमेरिकी प्रशासन और तकनीकी क्षेत्र में सतर्कता बढ़ गई है।
12 से 17 नवंबर के बीच कई सेवाएं हुईं प्रभावित
जानकारी के मुताबिक, 12 से 17 नवंबर के बीच अमेरिका में कई सरकारी एजेंसियों और निजी कंपनियों के सिस्टम में तकनीकी समस्याएं आईं। इनका असर बैंकिंग, विमानन, होटल बुकिंग और ऑनलाइन सेवाओं तक देखने को मिला। आम लोगों के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों और कारोबारी संस्थानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई खराबी के कारण आउटलुक, टीम्स और कोपायलट जैसे मंच प्रभावित हुए। इससे ईमेल भेजने, ऑनलाइन बैठकें करने और कार्यालयों के नियमित कामकाज में बाधा आई। कई कर्मचारियों को जरूरी दस्तावेजों और संचार सेवाओं तक पहुंचने में परेशानी हुई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस गड़बड़ी का असर 14 नवंबर तक बना रहा।
उड़ानें रोकनी पड़ीं, हजारों विमान सेवाएं प्रभावित
अमेरिका के विमानन क्षेत्र में भी तकनीकी खराबी का गंभीर असर देखने को मिला। नेटवर्क और राउटर से जुड़ी समस्या के कारण विमान यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। इसके चलते चार घंटे से अधिक समय तक कई उड़ानों को रोकना पड़ा। इस दौरान हजारों उड़ानें रद्द होने की जानकारी सामने आई।विमान यातायात नियंत्रण प्रणाली में आई परेशानी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई लोगों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं, जबकि एयरलाइंस को भी परिचालन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। यूनाइटेड एयरलाइंस के सिस्टम में आई खराबी ने भी विमानन सेवाओं पर दबाव बढ़ाया।
बैंकिंग और पैसों के लेनदेन पर भी असर
तकनीकी गड़बड़ियों का असर अमेरिकी बैंकिंग क्षेत्र में भी देखने को मिला। ऑनलाइन बैंकिंग और पैसे ट्रांसफर करने वाली सेवाओं में व्यवधान के कारण ग्राहकों को लेनदेन करने में परेशानी हुई। डिजिटल माध्यम से भुगतान करने और खातों से जुड़ी जानकारी हासिल करने में भी दिक्कतें आईं।होटल बुकिंग और दूसरी ऑनलाइन सेवाएं भी इन तकनीकी समस्याओं से प्रभावित हुईं। इससे साफ है कि अमेरिका की रोजमर्रा की गतिविधियां डिजिटल नेटवर्क पर कितनी निर्भर हो चुकी हैं।
साइबर हमले की आशंका पर क्या बोला प्रशासन?
एनएसए जैसी संवेदनशील खुफिया एजेंसी के गोपनीय संचार नेटवर्क में खराबी आने के बाद साइबर हमले की आशंका भी चर्चा में आई। हालांकि, विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने ऐसी किसी विदेशी साजिश या साइबर हमले की पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि सामने आई गड़बड़ियां अलग-अलग तकनीकी कारणों से हुई हैं।फिलहाल इन घटनाओं को एक ही हमले या सुनियोजित साजिश से जोड़ने के प्रमाण नहीं मिले हैं। फिर भी सरकारी एजेंसियों, वित्तीय संस्थानों और बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों की सेवाओं में लगातार आ रही रुकावटों ने डिजिटल सुरक्षा और तकनीकी ढांचे की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

