ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक को 27 साल 6 महीने की जेल, वीडियो में जाने ईरान की खुफिया एजेंसी के लिए करता था काम
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने के मामले में पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को 27 साल 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित संघीय अदालत ने मंगलवार को उसे आतंकवादी साजिश और सुपारी देकर हत्या कराने की कोशिश का दोषी ठहराते हुए यह सजा सुनाई। अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, आसिफ ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के लिए काम कर रहा था। उसे अमेरिका भेजकर वहां राजनीतिक नेताओं की हत्या की साजिश को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी गई थी।
48 वर्षीय आसिफ मर्चेंट को अमेरिकी जिला न्यायाधीश एरिक आर. कोमिटी ने सजा सुनाई। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, उसे 330 महीने यानी 27 साल 6 महीने जेल में रहना होगा। इस मामले में मार्च 2026 में जूरी ने उसे दोषी पाया था।
ट्रंप समेत तीन नेताओं को बनाया था निशाना
अमेरिकी जांच के अनुसार, आसिफ मर्चेंट की हिटलिस्ट में डोनाल्ड ट्रंप के अलावा तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और पूर्व अमेरिकी राजदूत निक्की हेली के नाम भी शामिल थे। उस समय तीनों अमेरिकी राजनीति के प्रमुख चेहरे थे।जांच एजेंसियों का दावा है कि आसिफ को ईरान की आईआरजीसी की ओर से अमेरिकी नेताओं की हत्या की साजिश तैयार करने का काम सौंपा गया था। इस साजिश के पीछे 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में ईरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने का मकसद बताया गया।
हत्यारों को दिए थे 5 हजार डॉलर
आसिफ मर्चेंट ने अमेरिका में अपने संपर्कों के जरिए ऐसे लोगों की तलाश शुरू की, जो नेताओं की हत्या की सुपारी ले सकें। हालांकि, जिन लोगों को वह पेशेवर हत्यारा समझ रहा था, वे वास्तव में अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई के गुप्त अधिकारी थे।आसिफ ने कथित तौर पर हत्या की साजिश के लिए 5 हजार डॉलर यानी करीब 4.4 लाख रुपये अग्रिम भुगतान के रूप में दिए थे। यह रकम उसने विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों की मदद से जुटाई थी।एफबीआई को इस साजिश की जानकारी पहले ही मिल गई थी। आसिफ के संपर्क में आया एक परिचित उसकी गतिविधियों की सूचना जांच एजेंसियों को दे रहा था। बाद में उसी के माध्यम से आसिफ की मुलाकात गुप्त अधिकारियों से कराई गई।
अप्रैल 2024 में अमेरिका पहुंचा था आसिफ
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, आसिफ मर्चेंट अप्रैल 2024 में ईरान की यात्रा के बाद अमेरिका पहुंचा था। वहां उसने हत्या की योजना को आगे बढ़ाने के लिए लोगों से संपर्क किया। जांच एजेंसियों ने उसकी बातचीत, मोबाइल फोन, लैपटॉप और सोशल मीडिया गतिविधियों से जुड़े सबूत जुटाए।12 जुलाई 2024 को टेक्सास के रिचमंड में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उस समय वह अमेरिका से बाहर जाने की तैयारी में था। इसके बाद उसके खिलाफ आतंकवाद और सुपारी देकर हत्या कराने की कोशिश से जुड़े मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई।
आसिफ ने परिवार को धमकी मिलने की बात कही
मुकदमे के दौरान आसिफ मर्चेंट ने अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि ईरान की ओर से उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। इसी दबाव में उसने साजिश में शामिल होने की बात कही। हालांकि, अभियोजन पक्ष ने उसकी दलील पर सवाल उठाए।अदालत ने मामले की गंभीरता और उपलब्ध सबूतों को देखते हुए उसे 27 साल 6 महीने की सजा सुनाई। इस मामले में ईरान ने अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की साजिश में अपनी भूमिका से इनकार किया है। वहीं, आसिफ के वकील ने फैसले के खिलाफ अपील करने की बात कही है।

