Samachar Nama
×

पाकिस्तान के मंत्री ने पुराने किले में सुनाई हुमायूं और शेरशाह सूरी की कहानी, वीडियो में बोले- एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी और इतिहास की दो परतें

पाकिस्तान के मंत्री ने पुराने किले में सुनाई हुमायूं और शेरशाह सूरी की कहानी, वीडियो में बोले- एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी और इतिहास की दो परतें

दिल्ली के पुराने किले में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच पर पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने भारत के इतिहास का जिक्र करते हुए हुमायूं और शेरशाह सूरी का उदाहरण दिया। उन्होंने पुराने किले को इतिहास की कई परतों का प्रतीक बताया। मलिक ने कहा कि इस किले की कहानी में दो प्रतिद्वंद्वी शासकों की भूमिका जुड़ी हुई है।

मलिक ने कहा, "इस किले की नींव हुमायूं ने रखी थी, जिनका संबंध तैमूरी वंश से था और जो मध्य एशिया से आए थे। इसके बाद अफगान शासक शेरशाह सूरी ने इसके निर्माण को आगे बढ़ाया।" उन्होंने इसे एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी शासक और इतिहास की दो परतों की कहानी बताया। उनके मुताबिक, एक ही किले में दो अलग-अलग शासकों की विरासत और सांस्कृतिक प्रभाव दिखाई देते हैं।

सभ्यताओं के बीच संवाद पर दिया जोर

मुसादिक मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि अलग-अलग पहचान और विविध सभ्यताओं के बीच संवाद जरूरी है। उन्होंने कहा कि विचारों और संस्कृतियों का स्वतंत्र आदान-प्रदान ही समाजों को एक-दूसरे को समझने का अवसर देता है। विविधता को अपनाने के लिए समझदारी के साथ साहस की भी जरूरत होती है।

मलिक ने अपने संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किया। उन्होंने उर्दू में पुराने किले को इतिहास की कहानी बताते हुए अपनी बात रखी। उनका यह बयान भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच सामने आया है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी मंत्री का पहला भारत दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के ऐतिहासिक पुराने किले में पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया था। यह तीन दिवसीय आयोजन 20 से 22 नवंबर तक हुआ, जिसमें SCO सदस्य देशों और संवाद साझेदार देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पाकिस्तान की ओर से मंत्री मुसादिक मलिक भी इसमें शामिल हुए।

पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह किसी पाकिस्तानी मंत्री का पहला भारत दौरा था। ऐसे समय में मलिक का पुराने किले के साझा ऐतिहासिक संदर्भों और सांस्कृतिक विविधता पर जोर देना चर्चा का विषय बन गया।

Share this story

Tags