सेशेल्स दौरे के आखिरी दिन पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों से की मुलाकात, वीडियो में देंखे 19 अहम समझौतों के साथ लौटे भारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे के अंतिम दिन सोमवार को भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। राजधानी विक्टोरिया में उन्होंने प्रवासी भारतीयों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने अरुल मिहु नवशक्ति विनायकर मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने विक्टोरिया स्थित पीस पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभी कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
इस दौरे के दौरान भारत और सेशेल्स के रिश्तों को नई मजबूती मिली। दोनों देशों ने 19 अहम समझौतों और विकास परियोजनाओं की घोषणा की, जिनका उद्देश्य आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना है।
समझौतों के तहत सेशेल्स में UPI आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू की जाएगी। इसके अलावा भारत ने सेशेल्स को 1,250 करोड़ रुपये की लाइन ऑफ क्रेडिट (ऋण सुविधा) देने की घोषणा की। दोनों देशों ने साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, अंतरिक्ष और समुद्री सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और दोनों देशों के बीच विकास, सुरक्षा तथा तकनीकी सहयोग को नई दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

