Samachar Nama
×

अमेरिका में नॉरईस्टर तूफान का कहर, 9 लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल; 1,800 फ्लाइट्स लेट और 400 से अधिक रद्द

अमेरिका में नॉरईस्टर तूफान का कहर, 9 लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल; 1,800 फ्लाइट्स लेट और 400 से अधिक रद्द

अमेरिका के पूर्वी तट पर आए शक्तिशाली नॉरईस्टर तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण 9 लाख से ज्यादा घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। करीब 1,800 उड़ानों में देरी हुई, जबकि 400 से अधिक फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि समुद्र का जलस्तर 14 साल के सबसे ऊंचे स्तर तक पहुंच सकता है। इससे न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और फिलाडेल्फिया समेत कई तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। नॉरईस्टर तूफान अपनी तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों के लिए जाना जाता है।

तूफान से कई शहरों में नुकसान, 112 किमी प्रति घंटे तक चली हवाएं

अमेरिकी मौसम विभाग (NWS) के मुताबिक, वर्जीनिया के तटीय इलाकों में हवाओं की रफ्तार 80 से 112 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवाओं के कारण वॉशिंगटन डीसी में एक कार पर पेड़ गिर गया। कई इलाकों में भारी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और कुछ कारें भी पानी में डूबी नजर आईं।

न्यूयॉर्क में मैनहट्टन ब्रिज के आसपास तेज हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों ने भी तटीय इलाकों में खतरा बढ़ा दिया है। बिजली कंपनियों ने चेतावनी दी है कि पेड़ गिरने से बिजली की लाइनें टूट सकती हैं और बड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।

थैंक्सगिविंग की यात्रा करने वाले लोगों की बढ़ी परेशानी

तूफान का असर अमेरिका के सबसे बड़े त्योहारों में से एक थैंक्सगिविंग के दौरान यात्रा करने वाले लोगों पर पड़ा है। इस मौके पर लाखों लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए दूसरे शहरों की यात्रा करते हैं। लेकिन खराब मौसम के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।

न्यूयॉर्क में होने वाली मशहूर थैंक्सगिविंग डे परेड भी शनिवार तक के लिए टाल दी गई है। यह परेड का 100वां साल है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके इतिहास में पहली बार मौसम के कारण इसे स्थगित करना पड़ा है।

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने तूफान के खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया। परेड की आयोजक कंपनी मैसीज ने कहा कि लोगों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

समुद्र की ऊंची लहरों से तटीय इलाकों को नुकसान

अमेरिका के पश्चिमी तट पर भी समुद्र की ऊंची लहरों ने कई तटीय ढांचों को नुकसान पहुंचाया है। सैन डिएगो के आसपास समुद्र का पानी पुराने रिकॉर्ड स्तर से ऊपर पहुंचने की खबर है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

वहीं, पूर्वी तट पर समुद्र का जलस्तर 2012 में आए सुपरस्टॉर्म सैंडी के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचने का अनुमान है। डेलावेयर और न्यू जर्सी के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के कारण बिजली की लाइनें टूटने और आपूर्ति बाधित होने की आशंका बनी हुई है।

मध्य अमेरिका में बारिश और बर्फबारी का अनुमान

खराब मौसम का असर केवल तटीय इलाकों तक सीमित नहीं है। अमेरिका के मध्य हिस्सों में बुधवार से शुक्रवार तक बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान जताया गया है। इससे कई क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है।

इसके अलावा पैसिफिक नॉर्थवेस्ट इलाके में बुधवार रात से बारिश और तेज हवाओं का एक और दौर शुरू होने की आशंका है। ऐसे में देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को फिलहाल मौसम से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

क्या होता है नॉरईस्टर तूफान?

नॉरईस्टर अमेरिका के पूर्वी तट पर आने वाला एक शक्तिशाली तूफान है। इसका नाम इस दौरान चलने वाली उत्तर-पूर्वी हवाओं के कारण पड़ा है। यह साल के किसी भी समय आ सकता है, लेकिन सितंबर से अप्रैल के बीच इसकी सक्रियता ज्यादा देखी जाती है।

इस तूफान के बनने की प्रमुख वजह ठंडी और गर्म हवाओं का आपस में मिलना है। सर्दियों में आर्कटिक क्षेत्र से आने वाली ठंडी हवाएं कनाडा और अमेरिका से होते हुए अटलांटिक महासागर की ओर बढ़ती हैं। दूसरी तरफ मैक्सिको की खाड़ी और अटलांटिक महासागर से गर्म हवाएं उत्तर की ओर आती हैं।

गल्फ स्ट्रीम नाम की गर्म समुद्री धारा सर्दियों में भी समुद्र के पानी को अपेक्षाकृत गर्म बनाए रखती है। इससे समुद्र के ऊपर की हवा गर्म हो जाती है। जब यह गर्म हवा जमीन से आने वाली ठंडी हवा के संपर्क में आती है, तो नॉरईस्टर तूफान बनने की परिस्थितियां पैदा होती हैं।

मौसम वैज्ञानिक ब्रायन एडवर्ड्स के मुताबिक, अमेरिका में हर साल औसतन तीन नॉरईस्टर तूफान आते हैं। इनका असर खासतौर पर वॉशिंगटन डीसी, फिलाडेल्फिया, न्यूयॉर्क और बोस्टन जैसे शहरों में देखने को मिलता है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज हवाएं और कई बार बर्फबारी भी होती है।

Share this story

Tags