खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश में निखिल गुप्ता को 19 साल 7 महीने की जेल, कोर्ट में मांगी माफी
अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को बड़ी सजा सुनाई गई है। अमेरिकी अदालत ने 55 वर्षीय निखिल गुप्ता को 19 साल और 7 महीने जेल में रहने का आदेश दिया है। उन पर पन्नू की हत्या के लिए सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप थे।
निखिल गुप्ता ने इस साल की शुरुआत में ही अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार कर लिया था। शुक्रवार को न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में सजा सुनाए जाने के दौरान उन्होंने अदालत के सामने अपनी गलती पर पछतावा भी जाहिर किया। उन्होंने पन्नू और सिख समुदाय से माफी मांगते हुए कहा कि वह अपने किए को बदल नहीं सकते, लेकिन उन्हें इसका गहरा अफसोस है।
करीब 80 मिनट तक चली सुनवाई के बाद जज विक्टर मारेरो ने सजा का ऐलान किया।
निखिल गुप्ता ने कोर्ट में पन्नू से मांगी माफी
सजा सुनाए जाने से पहले निखिल गुप्ता ने अदालत में लगभग छह मिनट तक अंग्रेजी में अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी, मदर टेरेसा, नेल्सन मंडेला और मार्टिन लूथर किंग जैसे महान नेताओं का जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि वह इन महान हस्तियों के बताए रास्ते पर चलना चाहते थे। इसके बाद निखिल ने सीधे पन्नू की ओर देखते हुए अपनी गलती स्वीकार की और उससे माफी मांगी।
निखिल ने कहा कि वह पन्नू, सिख समुदाय और इस मामले से प्रभावित सभी लोगों से माफी मांगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो कुछ हुआ, उसे अब बदला नहीं जा सकता और उन्हें अपने किए पर पछतावा है।
इस दौरान वह भावुक भी हो गए। उन्होंने अदालत को बताया कि इस मामले की वजह से उनकी पत्नी, मां और बच्चों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि उनका इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं है।
निखिल ने कहा कि वह अदालत की ओर से सुनाई गई सजा स्वीकार करेंगे और जेल से बाहर आने के बाद एक बेहतर इंसान बनने की कोशिश करेंगे।
पन्नू ने कहा- 1200 दिनों से सामान्य तरीके से काम नहीं कर पाया
सुनवाई के दौरान गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भी अदालत के सामने अपनी बात रखी। उसने कहा कि हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से वह 1200 दिनों से ज्यादा समय तक सामान्य रूप से अपना वकालत का काम नहीं कर पाया है।
पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपनी बात रखी। हालांकि, सुनवाई को आगे बढ़ाने के लिए जज विक्टर मारेरो ने उसे अपनी बात संक्षेप में रखने के लिए कहा।
इस सुनवाई को लेकर न्यूयॉर्क की अदालत के बाहर पन्नू के कई समर्थक भी जमा हुए थे। उनके पास निखिल गुप्ता और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों के पुतले थे। सुनवाई के दौरान पन्नू खुद भी अदालत में मौजूद था और उसके साथ सिख समुदाय के कई लोग पहुंचे थे।
सजा पूरी होने के बाद अमेरिका से निकाले जा सकते हैं निखिल
अदालत ने निखिल गुप्ता को जेल की सजा के बाद निगरानी में रिहाई देने का आदेश नहीं दिया है। जज ने स्पष्ट किया कि सजा पूरी होने के बाद उन्हें अमेरिका से बाहर निकालने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
वहीं, निखिल गुप्ता के वकीलों ने अदालत के फैसले पर निराशा जाहिर की है। उनका कहना था कि उन्हें उम्मीद थी कि अदालत निखिल को इससे कम सजा सुनाएगी।
ऐसे तैयार हुई थी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश
अमेरिकी अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में विकास यादव का नाम भी सामने आया था।
अमेरिकी अभियोजन पक्ष के आरोपों के अनुसार, विकास यादव के कहने पर निखिल गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ समझ रहा था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था।
आरोप है कि निखिल गुप्ता ने उस व्यक्ति से न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए एक शूटर की व्यवस्था करने को कहा था। इसके बदले 1 लाख डॉलर यानी करीब 83 लाख रुपये देने की बात कही गई थी।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, 9 जून 2023 के आसपास इस साजिश से जुड़े एक अन्य व्यक्ति के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भी भेजे गए थे।
भारत सरकार ने साजिश में शामिल होने के आरोपों को नकारा
इस पूरे मामले में गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत सरकार के खिलाफ भी अमेरिका में अलग से मुकदमा दायर किया है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के नाम भी शामिल हैं।
पन्नू का आरोप है कि उसकी हत्या की साजिश में भारत सरकार के कुछ वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। हालांकि, भारत सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
13 नवंबर को न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने इस अलग मुकदमे से जुड़े समन और अन्य कानूनी दस्तावेज भारत में संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए कानूनी प्रक्रिया का निर्देश दिया था।
इसके लिए अजीत डोभाल से जुड़े दस्तावेजों के संबंध में पटियाला हाउस कोर्ट और सामंत गोयल से जुड़े दस्तावेजों के लिए द्वारका और तीस हजारी अदालतों से मदद मांगी गई थी।
वहीं, निखिल गुप्ता की वकील किर्शनर ने स्पष्ट किया कि पन्नू की ओर से दायर यह मुकदमा निखिल के आपराधिक मामले से अलग है और इसका उनकी सजा से सीधे तौर पर कोई संबंध नहीं है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत सरकार अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को खारिज करती है। उन्होंने पन्नू की ओर से दायर मुकदमे को भी बेबुनियाद बताया था।
फिलहाल निखिल गुप्ता को अमेरिकी अदालत से 19 साल 7 महीने की जेल की सजा मिल चुकी है। इस मामले ने भारत और अमेरिका के बीच कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से भी काफी ध्यान खींचा है।

