Samachar Nama
×

New Orleans Cruise Accident: मिसिसिपी नदी में टैंकर की टक्कर से डूबा क्रूज, 129 यात्री थे सवार; 32 अस्पताल में भर्ती

New Orleans Cruise Accident: मिसिसिपी नदी में टैंकर की टक्कर से डूबा क्रूज, 129 यात्री थे सवार; 32 अस्पताल में भर्ती

अमेरिका के लुइसियाना राज्य के न्यू ऑरलियन्स शहर में शुक्रवार को बड़ा नदी हादसा हो गया। यहां एक टैंकर ने 129 यात्रियों को लेकर जा रहे रिवर क्रूज को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद क्रूज मिसिसिपी नदी में डूब गया। हादसे के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें टैंकर की टक्कर, क्रूज के डूबने और यात्रियों के रेस्क्यू का दृश्य दिखाई दे रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रूज का नाम अमेरिकन हेरिटेज था। यह अमेरिकन क्रूज लाइंस की पैडलव्हील वाली नाव थी। हादसे के समय क्रूज नदी किनारे खड़ा था और यात्री उससे उतर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे अटलांटिक एस्फाल्ट नाम के टैंकर ने उसे बाईं तरफ से टक्कर मार दी।

दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, अमेरिकन हेरिटेज क्रूज शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे नैटचेज से रवाना होकर न्यू ऑरलियन्स पहुंचा था। दोपहर लगभग 12:30 बजे वह क्रिसेंट सिटी कनेक्शन ब्रिज के नीचे, पोर्ट हेडक्वार्टर के सामने किनारे पर खड़ा था।

इसी दौरान करीब 160 मीटर लंबा अटलांटिक एस्फाल्ट टैंकर वहां पहुंचा और क्रूज से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्रूज संतुलन खोकर पलट गया और नदी में डूबने लगा।

वीडियो में दिखा हादसे का खौफनाक मंजर

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में टैंकर को क्रूज से टकराते हुए देखा जा सकता है। दूसरे वीडियो में क्रूज नदी में डूबता नजर आ रहा है। इस दौरान नाव में मौजूद यात्री रेलिंग पकड़कर मदद के लिए चिल्लाते दिखाई देते हैं।

एक अन्य वीडियो में हादसे के बाद राहत और बचाव दल यात्रियों को नदी से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं।

सभी 129 यात्रियों का रेस्क्यू

हादसे के बाद बचाव दलों ने तुरंत अभियान शुरू किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, क्रूज में सवार सभी 129 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें से 32 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मिसिसिपी नदी में राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

Share this story

Tags