Samachar Nama
×

तेहरान के आसमान में रहस्यमयी रोशनी, फुटेज में देंखे UFO होने का दावा; 50 साल पुरानी घटना से जुड़ी चर्चा

तेहरान के आसमान में रहस्यमयी रोशनी, फुटेज में देंखे UFO होने का दावा; 50 साल पुरानी घटना से जुड़ी चर्चा

ईरान की राजधानी तेहरान के आसमान में अलग-अलग रंगों की चमकती रोशनी वाले एक रहस्यमयी ऑब्जेक्ट के दिखाई देने के दावे ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है। 20 सितंबर के बताए जा रहे कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें आसमान में चमकता हुआ ऑब्जेक्ट नजर आ रहा है। कुछ यूजर्स इसे UFO बता रहे हैं, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पहचान नहीं हुई है।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि यह ऑब्जेक्ट तेहरान के आजादेगान एक्सप्रेसवे के पास दिखाई दिया था। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि वीडियो में कई रंगों की रोशनी वाला ऑब्जेक्ट आसमान में मंडराता हुआ दिखाई देता है। हालांकि इसकी वास्तविक जगह, ऊंचाई, आकार और गति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ईरानी अधिकारियों की ओर से भी अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक पहचान या खतरे की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

ड्रोन या UFO? कई तरह के दावे

सोशल मीडिया पर इस ऑब्जेक्ट को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोग इसे UFO बता रहे हैं, जबकि अन्य संभावनाओं में ड्रोन, विमान या LED लाइट वाले किसी ऑब्जेक्ट का जिक्र किया जा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, उपलब्ध वीडियो में पर्याप्त संदर्भ नहीं होने के कारण ऑब्जेक्ट की ऊंचाई और वास्तविक गति का अनुमान लगाना मुश्किल है। फिलहाल इनमें से किसी संभावना की पुष्टि नहीं हुई है।

50 साल पहले भी तेहरान में दिखा था रहस्यमयी ऑब्जेक्ट

इस घटना की तुलना 19 सितंबर 1976 की चर्चित तेहरान UFO घटना से भी की जा रही है। उस समय नागरिकों की ओर से आसमान में चमकती वस्तु दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद ईरानी वायुसेना ने F-4 फाइटर जेट भेजे थे। अमेरिकी रक्षा विभाग के सार्वजनिक रिकॉर्ड में दर्ज विवरण के अनुसार, एक F-4 जब ऑब्जेक्ट के करीब पहुंचा तो विमान के इंस्ट्रूमेंटेशन और संचार सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया था। पायलट के ऑब्जेक्ट से दूर जाने पर ये सिस्टम दोबारा सामान्य हो गए।

रिकॉर्ड के मुताबिक, दूसरे F-4 ने भी ऑब्जेक्ट को रडार पर ट्रैक किया था। उस दौरान ऑब्जेक्ट से अलग एक अन्य चमकीली वस्तु दिखाई देने की बात भी दर्ज है। हालांकि आधिकारिक रिकॉर्ड में इस घटना की अंतिम पहचान नहीं हो सकी कि आसमान में दिखाई देने वाला ऑब्जेक्ट वास्तव में क्या था।

इस बार भी तस्वीर साफ नहीं

2026 की ताजा घटना और 1976 की घटना के बीच करीब 50 साल का अंतर है। हालांकि दोनों घटनाओं में आसमान में चमकती रहस्यमयी वस्तु दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, लेकिन मौजूदा वीडियो से यह साबित नहीं होता कि नया ऑब्जेक्ट UFO या किसी असामान्य तकनीक से जुड़ा है।फिलहाल तेहरान में दिखाई दिए ऑब्जेक्ट की पहचान, ऊंचाई, आकार और गति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए सोशल मीडिया पर किए जा रहे UFO संबंधी दावों को फिलहाल सिर्फ अटकल के तौर पर ही देखा जा रहा है।

Share this story

Tags