Samachar Nama
×

 Mecca Pact: सऊदी पर हूती हमले के बाद पाकिस्तान का बड़ा बयान, क्या अब होगा पलटवार? 
 

 Mecca Pact: सऊदी पर हूती हमले के बाद पाकिस्तान का बड़ा बयान, क्या अब होगा पलटवार?


सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ता नजर आ रहा है। इसी बीच पाकिस्तान ने मक्का पैक्ट को लेकर बड़ा बयान दिया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा है कि समझौते में शामिल किसी एक सदस्य देश पर हमला होने की स्थिति में इसे सभी सदस्यों पर हमला माना जाएगा। उनके इस बयान के बाद पाकिस्तान के सऊदी अरब के समर्थन में सैन्य कार्रवाई में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं।
पाकिस्तान ने पहले ही सऊदी अरब और तुर्किए के साथ हुए सामूहिक रक्षा समझौते में अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की थी। अब सऊदी अरब पर ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद इस समझौते के प्रावधानों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


Khawaja Asif ने क्या कहा?
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने जियो टीवी से बातचीत में कहा कि किसी सदस्य देश के खिलाफ बिना उकसावे के आक्रामक कार्रवाई या यमन संघर्ष के सऊदी अरब तक फैलने की स्थिति में समझौते के सामूहिक रक्षा प्रावधान लागू हो सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान समझौते की शर्तों से बंधा हुआ है और जरूरत पड़ने पर उसकी शर्तों का पालन करेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हूती हमलों के बाद पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच किसी विशेष संपर्क की उन्हें जानकारी नहीं है।
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री का बयान ऐसे समय आया है जब सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमलों की खबर सामने आई। इन हमलों में शहरी क्षेत्रों के साथ आर्थिक और ऊर्जा से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार, हमलों में कम से कम 73 नागरिक घायल हुए हैं।


Saudi Arabia ने हूतियों के खिलाफ तेज किया हमला
सऊदी अरब ने भी हूती विद्रोहियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी सेना ने यमन में हूती ठिकानों को निशाना बनाते हुए करीब 70 एयरस्ट्राइक की हैं।
इन हमलों में यमन के मारिब, अल-जौफ, ताइज, होदेइदाह, सादा और अल-बैदा प्रांतों में स्थित ठिकानों को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।
सऊदी की इस सैन्य कार्रवाई और पाकिस्तान के मक्का पैक्ट को लेकर दिए गए बयान के बाद क्षेत्रीय संघर्ष के और व्यापक होने की आशंका पर भी चर्चा शुरू हो गई है।


क्या पाकिस्तान सीधे युद्ध में उतरेगा?
फिलहाल पाकिस्तान की ओर से हूतियों के खिलाफ सीधे सैन्य अभियान शुरू करने की कोई अंतिम घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, रक्षा मंत्री के बयान ने यह साफ संकेत दिया है कि अगर समझौते की शर्तों के मुताबिक सामूहिक रक्षा व्यवस्था सक्रिय होती है, तो पाकिस्तान अपनी प्रतिबद्धता से पीछे नहीं हटने की बात कह रहा है।
ऐसे में आने वाले दिनों में सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच संघर्ष के साथ-साथ पाकिस्तान की भूमिका पर भी पूरी दुनिया की नजर रहेगी।
 

Share this story

Tags