बैंकॉक के तेल डिपो में धमाके के बाद लगी भीषण आग, स्कूलों से बच्चों को निकाला; एक घंटे में पाया काबू
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में गुरुवार को बंगचक तेल डिपो में धमाके के बाद आग लग गई। घटना के बाद डिपो से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और आसमान में काले धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। इसके लिए लोगों के मोबाइल फोन पर अलर्ट भी भेजे गए। आसपास के स्कूलों से बच्चों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ समय के लिए जिला प्रशासन ने अपना कामकाज भी रोक दिया था।
एक घंटे से कम समय में आग पर पाया काबू
एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, प्रशासन ने बताया कि आग पर एक घंटे से भी कम समय में काबू पा लिया गया। बंगचक कंपनी ने भी अधिकारियों को जानकारी दी कि स्थिति अब नियंत्रण में है।
फिलहाल धमाके और आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से किसी के हताहत होने की भी जानकारी नहीं दी गई है।
थाईलैंड की पांचवीं सबसे बड़ी रिफाइनरी है बंगचक
बंगचक तेल संयंत्र बैंकॉक के पूर्वी हिस्से में फ्रा खानॉन्ग इलाके में स्थित है। इसका संचालन थाईलैंड की प्रमुख ऊर्जा कंपनी बंगचक कॉर्पोरेशन करती है। यहां कच्चे तेल को रिफाइन करने के साथ उसका भंडारण भी किया जाता है।इस रिफाइनरी में रोजाना 1 लाख 20 हजार बैरल कच्चे तेल को साफ करने की क्षमता है। यह थाईलैंड की पांचवीं सबसे बड़ी रिफाइनरी है। इसकी एक खास बात यह है कि यह देश की इकलौती बड़ी रिफाइनरी है, जो किसी शहर के भीतर स्थित है।

