इंडोनेशिया में समुद्र के बीच फेरी में भीषण आग, जान बचाने के लिए यात्रियों ने लगाई समुद्र में छलांग; फुटेज में देंखे 5 की मौत, 41 लापता
इंडोनेशिया के मादुरा द्वीप के पास रविवार सुबह एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग लगते ही फेरी में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्रियों ने जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, हादसे में अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं। बचाव दल लगातार राहत और खोज अभियान चला रहा है।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के मुताबिक, फेरी में 271 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। हादसे के बाद दोपहर तक 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि लापता यात्रियों की तलाश समुद्र में जारी है।
जानकारी के अनुसार, फेरी ईस्ट जावा प्रांत के सुराबाया से साउथ सुलावेसी के मकासार जा रही थी। इसी दौरान मादुरा द्वीप के पास अचानक उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों में भगदड़ मच गई और कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी।हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने बताया कि आग किस वजह से लगी, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल प्राथमिकता लापता यात्रियों की तलाश और सुरक्षित बचाव अभियान पर है।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में फेरी के अगले हिस्से में आग की लपटें दिखाई दे रही हैं, जबकि यात्री घबराकर इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। कुछ लोग लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में कूदते भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
रॉयटर्स के अनुसार, इंडोनेशियाई नौसेना, तटरक्षक बल और राष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं। आसपास के समुद्री क्षेत्र में नावों और हेलीकॉप्टरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा द्वीपीय देश है, जहां हजारों द्वीपों के बीच आवाजाही के लिए फेरी सेवाओं का व्यापक उपयोग होता है। हालांकि, समय-समय पर सुरक्षा मानकों में कमी, खराब मौसम और तकनीकी खराबी के कारण इस तरह के समुद्री हादसे सामने आते रहे हैं। फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और लापता यात्रियों को जल्द से जल्द खोजने के प्रयास जारी हैं।

