अफगानिस्तान के स्कूल में भीषण धमाका, कई छात्रों की मौत और घायल होने की खबर; मौके पर पहुंची जांच टीमें
अफगानिस्तान से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। देश के पूर्वी हिस्से में स्थित कुनार प्रांत के एक मिडिल स्कूल में जोरदार विस्फोट हुआ है। इस धमाके में कई छात्रों की मौत होने और कई अन्य के घायल होने की खबर है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जांच टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अफगानिस्तान पुलिस ने स्कूल में विस्फोट होने की पुष्टि की है। हालांकि, अभी तक इस घटना में मरने वाले और घायल होने वाले छात्रों की सही संख्या सामने नहीं आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, धमाका स्कूल परिसर में हुआ, जहां उस समय छात्र मौजूद थे।
सुबह 10 बजे स्कूल में हुआ विस्फोट
कुनार प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान ने बताया कि यह विस्फोट सुबह करीब 10 बजे प्रांत के सेर इलाके में स्थित एक मिडिल स्कूल में हुआ।
उन्होंने बताया कि धमाके में कई छात्रों की जान चली गई और कई अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद जांच टीमें मौके पर पहुंचीं और विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुट गईं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि स्कूल में धमाका किस वजह से हुआ। इसके पीछे किसी विस्फोटक सामग्री, तकनीकी खराबी या अन्य कारण की आशंका है, इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
अगस्त में काबुल के स्कूल परिसर में भी हुआ था हमला
गौरतलब है कि अफगानिस्तान में स्कूल परिसर को निशाना बनाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अगस्त में राजधानी काबुल के दश्त-ए-बरची इलाके में स्थित एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया था।
उस हमले में 42 बच्चे घायल हो गए थे। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे थे।
फिलहाल कुनार प्रांत के स्कूल में हुए ताजा विस्फोट को लेकर जांच जारी है। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या तथा धमाके की वजह से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

