Samachar Nama
×

अमेरिका में बड़ा विमान हादसा: मिसिसिपी के समुद्र में गिरा प्लेन, 2 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत; 18 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे आया विमान

अमेरिका में बड़ा विमान हादसा: मिसिसिपी के समुद्र में गिरा प्लेन, 2 बच्चों समेत 6 लोगों की मौत; 18 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे आया विमान

अमेरिका के मिसिसिपी में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा जा रहा एक छोटा विमान समुद्र में गिर गया। इस हादसे में दो बच्चों समेत विमान में सवार सभी छह लोगों की जान चली गई। अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने तलाशी अभियान के दौरान सभी यात्रियों के शव बरामद कर लिए हैं।हादसे का शिकार हुआ विमान सेसना सेंटूरियन 210 बताया जा रहा है। शुरुआती फ्लाइट ट्रैकिंग आंकड़ों के मुताबिक, विमान करीब 8,800 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इसी दौरान अचानक वह तेजी से नीचे आने लगा और कुछ ही समय में समुद्र में समा गया।

उड़ान के करीब 30 मिनट बाद विमान से टूटा संपर्क

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के अनुसार, विमान ने उड़ान भरने के लगभग 30 मिनट बाद मिसिसिपी के पास पहुंचते ही अचानक अपना रास्ता बदल लिया। इसके बाद विमान तेजी से नीचे गिरने लगा।

आंकड़ों में सामने आया कि हादसे से पहले विमान के नीचे आने की रफ्तार करीब 322 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। आखिरी कुछ सेकेंड में इसकी ऊर्ध्वाधर गति लगभग 18 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई थी। इसके कुछ ही समय बाद विमान का फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा मिलना बंद हो गया।

फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, विमान पहले सीधे रास्ते पर उड़ता दिखाई दे रहा था, लेकिन बाद में अचानक मिसिसिपी के हॉर्न आइलैंड की दिशा में मुड़ गया। इसके बाद विमान से संपर्क टूट गया।

विमान के अंदर मिले सभी छह लोगों के शव

अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने मंगलवार देर रात जानकारी दी कि तलाशी अभियान के दौरान विमान में सवार सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इस अभियान में मिसिसिपी डिपार्टमेंट ऑफ मरीन रिसोर्सेज (MDMR) के गोताखोर भी शामिल थे। उन्होंने विमान के अंदर जाकर शवों को खोजा।

हादसे के बाद बचाव दल को घटनास्थल के आसपास तीन लाइफ जैकेट, एक लाइफ राफ्ट और विमान का केबिन भी मिला था। हालांकि, हादसे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3:45 बजे विमान के लापता होने की सूचना मिली थी। इससे पहले फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) का भी विमान से संपर्क टूट चुका था। इसके बाद संबंधित एजेंसियों ने समुद्र में तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया।

NTSB करेगा विमान हादसे की जांच

अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, इस दुर्घटना की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) करेगा। FAA भी जांच में सहयोग करेगा।घटनास्थल पर अमेरिकी कोस्ट गार्ड, मिसिसिपी डिपार्टमेंट ऑफ मरीन रिसोर्सेज और स्थानीय एजेंसियों की टीमें मौजूद रहीं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि विमान अचानक नीचे क्यों गिरा और समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह क्या थी।

सुनसान हॉर्न आइलैंड के पास हुआ हादसा

यह विमान हादसा मिसिसिपी के हॉर्न आइलैंड के पास हुआ। यह एक निर्जन द्वीप है, जो बिलॉक्सी शहर से लगभग 12 नॉटिकल मील दूर स्थित है। यहां सड़क या नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं है। द्वीप तक पहुंचने के लिए निजी नाव का सहारा लेना पड़ता है।बिलॉक्सी, ओशन स्प्रिंग्स और पास्कागौला जैसे आसपास के इलाकों से नाव के जरिए यहां पहुंचने में करीब 30 मिनट से एक घंटे तक का समय लग सकता है।

हॉर्न आइलैंड गल्फ आइलैंड्स नेशनल सीशोर का हिस्सा है। यह संरक्षित राष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र मिसिसिपी से फ्लोरिडा तक फैला हुआ है और इसमें कई द्वीप शामिल हैं। करीब 10 मील लंबा और एक मील चौड़ा यह द्वीप गर्मियों के मौसम में पर्यटकों के बीच लोकप्रिय रहता है।फिलहाल विमान हादसे की जांच जारी है। अधिकारियों की ओर से दुर्घटना के कारणों और विमान में सवार लोगों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Share this story

Tags