ओमान के पास समुद्र में बड़ा हमला: 14 भारतीयों को ले जा रहे जहाज को बनाया निशाना, 13 बचाए गए... 1 नाविक लापता
ओमान के तट के पास समुद्र में भारतीय क्रू वाले एक कमर्शियल जहाज पर हमले की खबर से हड़कंप मच गया है। इस घटना में जहाज पर सवार 14 भारतीय क्रू मेंबर्स में से 13 को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि एक भारतीय नाविक अब भी लापता बताया जा रहा है। लापता नाविक की तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
हमले का शिकार हुआ जहाज MT El Gaia बताया गया है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और साफ कहा है कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों और आम नागरिकों को निशाना बनाया जाना स्वीकार्य नहीं है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, घटना के बाद भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और लापता भारतीय नागरिक की तलाश में चल रहे अभियान की निगरानी कर रहा है। भारत ने रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का भी धन्यवाद किया है।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और आसपास के समुद्री इलाके में तनाव बढ़ा हुआ है और व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है। हाल के दिनों में इस क्षेत्र में जहाजों को निशाना बनाए जाने की कई घटनाएं सामने आई हैं।
भारत ने क्षेत्र में तनाव को जल्द कम करने और बातचीत व कूटनीति के जरिए समाधान निकालने की अपील की है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में जहाजों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही बहाल करने पर जोर दिया है।
फिलहाल सबसे बड़ी चिंता उस एक भारतीय नाविक को लेकर है, जो हमले के बाद से लापता है। ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर उसकी तलाश जारी है और भारत सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हु

