चीन के पास समुद्र में बड़ा हादसा: कार्गो शिप की टक्कर से चीनी बोट जलकर खाक, समुद्र में बिखरा सामान
सिंगापुर के पास समुद्र में एक पनामा के झंडे वाले कार्गो शिप और चीनी मछली पकड़ने वाली नाव के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बड़ा मालवाहक जहाज तेजी से छोटी फिशिंग बोट की तरफ आता है और पीछे से उसे टक्कर मार देता है।
मालवाहक जहाज का नाम ‘फर्स्ट मार्गॉक्स’ बताया जा रहा है, जबकि चीनी फिशिंग बोट का नाम ‘लुकिंग युआनयु 108’ है।
तेजी से करीब आया कार्गो शिप
वायरल वीडियो में नजर आता है कि कार्गो शिप तेजी से चीनी फिशिंग बोट के करीब पहुंचता है। इसके बाद जहाज बोट के एक हिस्से से टकराते हुए आगे निकल जाता है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छोटी नाव घूमने लगी और उसके डेक पर पानी भर गया।
बोट पर मौजूद क्रू मेंबर्स अचानक हुए हादसे के बाद रेलिंग और सीढ़ियों को पकड़कर खुद को संभालते दिखाई दिए। इस दौरान बोट पर रखे मछलियों के बॉक्स भी समुद्र में गिरते नजर आए।
हादसे के बाद बोट में लगी आग
टक्कर के बाद फिशिंग बोट की हालत खराब हो गई और उसमें पानी भरने लगा। वीडियो के अगले हिस्से में बोट से धुआं निकलता दिखाई देता है, जिसके बाद उसमें आग लगने की बात सामने आई है।
बताया गया है कि यह हादसा 17 सितंबर की शाम करीब 5 बजे हुआ। दोनों जहाज सुबह सिंगापुर के पास एक ही पोर्ट से रवाना हुए थे और सिंगापुर स्ट्रेट के पश्चिम की ओर जाने वाले एक ही चैनल में आगे बढ़ रहे थे।
कार्गो शिप कर रहा था ओवरटेक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पनामा का कार्गो शिप चीनी फिशिंग बोट को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। बताया गया है कि कार्गो शिप की रफ्तार फिशिंग बोट से करीब 3 नॉट ज्यादा थी।
टक्कर के बाद भी कार्गो शिप करीब दो घंटे तक लगभग 10 नॉट की रफ्तार से पश्चिम दिशा में चलता रहा और बाद में जाकर रुका।
हादसे में किसी के घायल होने की खबर सामने नहीं आई है। बताया गया है कि टक्कर के बाद भी फिशिंग बोट का AIS सिग्नल मिलता रहा। इससे संकेत मिलता है कि नाव हादसे के बाद भी आगे बढ़ती रही और बाद में एक नजदीकी बर्थ तक पहुंच गई।
क्या किसी तीसरे जहाज की वजह से हुई टक्कर?
मैरीटाइम एनालिस्ट साल मर्कोग्लियानो ने सोशल मीडिया पर हादसे को लेकर एक संभावित स्थिति बताई है। उनके मुताबिक, संभव है कि कार्गो शिप के रास्ते में अचानक कोई तीसरा बल्क कैरियर आ गया हो।
ऐसी स्थिति में छोटी फिशिंग बोट दो बड़े जहाजों के बीच आ गई हो और टक्कर हुई हो सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसी समुद्री हादसे के वीडियो में आमतौर पर सिर्फ एक एंगल दिखाई देता है, इसलिए केवल वीडियो के आधार पर पूरी घटना का आकलन करना मुश्किल है।
फिलहाल पनामा मैरीटाइम अथॉरिटी ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, सिंगापुर की मैरीटाइम एंड पोर्ट अथॉरिटी की ओर से इस मामले में सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।
दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री रूट के पास हुआ हादसा
यह हादसा सिंगापुर स्ट्रेट में हुआ, जो मलक्का स्ट्रेट के बेहद करीब है। सिंगापुर और मलक्का स्ट्रेट एशिया, यूरोप और मिडिल ईस्ट के बीच समुद्री व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण रास्ते हैं।
इन समुद्री मार्गों से हर दिन बड़ी संख्या में कंटेनर शिप, तेल टैंकर और अन्य मालवाहक जहाज गुजरते हैं। इसी वजह से यहां समुद्री यातायात काफी ज्यादा रहता है और किसी भी टक्कर की स्थिति में बड़ा जोखिम पैदा हो सकता है।
फिलहाल हादसे की जांच जारी है और अधिकारियों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर दोनों जहाजों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।

