LPG Price Comparison: भारत के मुकाबले पाकिस्तान-बांग्लादेश में क्यों महंगी हुई रसोई गैस? जानें तीनों देशों के सिलेंडर के दाम
रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की जेब और महीने के बजट पर पड़ता है। भारत के पड़ोसी देशों बांग्लादेश और पाकिस्तान में नवंबर के दौरान एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ने से घरेलू उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। बांग्लादेश में 12 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 2,060 टका हो गई है, जबकि पाकिस्तान में 11.8 किलो के घरेलू सिलेंडर के लिए करीब 3,470 पाकिस्तानी रुपये चुकाने पड़ रहे हैं।
इसके उलट भारत में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पिछले करीब पांच महीने से स्थिर बनी हुई हैं। हालांकि, नवंबर की शुरुआत में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि पड़ोसी देशों में रसोई गैस महंगी क्यों हो रही है और भारत में घरेलू ग्राहकों को राहत कैसे मिल रही है?
बांग्लादेश में एक महीने में 223 टका बढ़े दाम
बांग्लादेश में एलपीजी की कीमतों में नवंबर में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बांग्लादेश एनर्जी रेगुलेटरी कमीशन ने 12 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर का दाम बढ़ाकर 2,060 टका कर दिया है। अक्टूबर में यही सिलेंडर 1,837 टका में मिल रहा था। इस तरह एक महीने में कीमत 223 टका बढ़ गई है।
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, फरवरी में बांग्लादेश में एलपीजी की कीमत 113 टका प्रति किलो थी, जो नवंबर में बढ़कर 171.68 टका प्रति किलो हो गई। यानी फरवरी से नवंबर के बीच कीमत में करीब 52 फीसदी का इजाफा हुआ है।
पाकिस्तान में भी घरेलू सिलेंडर हुआ महंगा
पाकिस्तान में भी नवंबर में एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। वहां ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) ने एलपीजी का दाम 294.07 पाकिस्तानी रुपये प्रति किलो तय किया है। अक्टूबर के मुकाबले इसमें 14.73 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है।
इस हिसाब से 11.8 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,470.09 पाकिस्तानी रुपये हो गई है। अक्टूबर में इसके लिए 3,296.23 रुपये देने पड़ते थे। यानी एक सिलेंडर अब करीब 174 रुपये महंगा हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान के कुछ इलाकों में खुले बाजार में एलपीजी की कीमत करीब 600 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की खबरें भी सामने आई हैं।
भारत में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के क्या हैं दाम?
भारत में फिलहाल घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं हुआ है। 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम 7 जून 2026 के बाद से स्थिर हैं। 12 नवंबर 2026 तक दिल्ली में इसकी कीमत 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और कोलकाता में 968 रुपये बनी हुई है।
इस स्थिरता से घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिली है। हालांकि, अलग-अलग शहरों में कीमतों में अंतर रहता है।
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी
घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रहने के बावजूद भारत में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर नवंबर की शुरुआत में महंगा हुआ है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 10 रुपये बढ़कर 2,820 रुपये हो गई है।
वहीं, कोलकाता में 17 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 2,971 रुपये पहुंच गई है। मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 2,775 रुपये और चेन्नई में 2,994.50 रुपये में मिल रहा है। इसका असर होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है।
भारत में घरेलू गैस के दाम कैसे स्थिर रखे जा रहे हैं?
भारत अपनी एलपीजी जरूरत का बड़ा हिस्सा दूसरे देशों से आयात करता है। इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतें बढ़ने और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण सप्लाई प्रभावित होने का असर भारत पर भी पड़ता है। इसके बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं पर बढ़ी हुई लागत का पूरा बोझ नहीं डाला जा रहा है।
सरकार ने जून में बताया था कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद घरेलू सिलेंडर के दाम नियंत्रित रखने के लिए सरकार और सरकारी तेल कंपनियां लागत का अंतर उठा रही हैं। सरकार के मुताबिक, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई लागत 1,600 रुपये से अधिक हो गई है, जबकि दिल्ली में उपभोक्ता को इसके लिए 942 रुपये ही चुकाने पड़ रहे हैं।
यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव और पड़ोसी देशों में बढ़ती कीमतों के बावजूद भारत में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं।

