बोलीविया के सैन्य अड्डे पर जोरदार विस्फोट, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 10 से ज्यादा मौतें; 58 घायल, बच्ची 90% तक झुलसी
दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया में शुक्रवार को एक सैन्य अड्डे पर हुए जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। पश्चिमी शहर वियाचा में हुए इस हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 58 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की संख्या 10 से 15 के बीच हो सकती है। घायलों में ज्यादातर आम नागरिक हैं।
पटाखों के स्टॉक वाले स्थान पर हुआ धमाका
बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो के मुताबिक, विस्फोट स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। जिस जगह धमाका हुआ, वहां रक्षा मंत्रालय की ओर से पटाखों का स्टॉक रखा गया था।विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल को मौके पर भेजा गया। एंबुलेंस, मेडिकल टीम और पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है।
58 लोग घायल, ज्यादातर नागरिक
रक्षा मंत्री ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों की संख्या कम से कम 58 है। इनमें 52 आम नागरिक हैं, जबकि बाकी सैन्यकर्मी बताए गए हैं।विस्फोट के बाद घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राजधानी ला पाज के अस्पतालों में भेजा जा रहा है।अब तक 14 घायलों को ला पाज के अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है। इनमें एक बच्ची भी शामिल है, जो हादसे में करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गई है। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में मरने वालों की संख्या फिलहाल 10 से ज्यादा है, लेकिन अंतिम आंकड़ा 10 से 15 के बीच हो सकता है। राहत और बचाव अभियान जारी रहने के साथ मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।बचाव दल घटनास्थल पर राहत कार्य में जुटे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ उनके परिजनों की मदद भी की जा रही है।
विस्फोट की वजह जानने के लिए जांच शुरू
अधिकारियों ने सैन्य अड्डे पर हुए विस्फोट की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पटाखों के स्टॉक में विस्फोट किस कारण से हुआ।जांच एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटा रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि विस्फोट के पीछे तकनीकी खराबी, लापरवाही या कोई अन्य कारण था।हादसे के बाद सैन्य अड्डे और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना और घटना की सही वजह का पता लगाना है। अधिकारियों की जांच पूरी होने के बाद ही विस्फोट के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

