सऊदी अरब में बिना शादी बच्चे को जन्म देने पर केन्याई महिला को 100 कोड़े मारने की सजा, वीडियो में जाने एक साल देश से बाहर रहने का भी आदेश
सऊदी अरब में बिना शादी बच्चे को जन्म देने के मामले में केन्या की 40 वर्षीय महिला एस्तेर वांजा मुथोनी को 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। इसके अलावा अदालत ने उन्हें एक साल तक देश से बाहर रहने का आदेश भी दिया है। मुथोनी पांच बच्चों की मां हैं। उन्होंने अगस्त 2025 में सऊदी रब में एक बेटे को जन्म दिया था। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी थी। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया और कानूनी कार्रवाई शुरू की।न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रियाद की एक अदालत ने अक्टूबर में मुथोनी को शादी के बाहर संबंध बनाने का दोषी ठहराया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें 100 कोड़े मारने और एक साल तक देश से बाहर रहने की सजा सुनाई। हालांकि, अभी तक कोड़े मारने की सजा दिए जाने की तारीख सामने नहीं आई है। इस मामले ने सऊदी अरब में विदेशी महिलाओं के अधिकारों और वहां लागू कानूनी व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू कर दी है।
अस्पताल में बच्चे को जन्म देने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक, एस्तेर वांजा मुथोनी रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रह रही थीं। अगस्त 2025 में उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया। अस्पताल में प्रसव के बाद कर्मचारियों को पता चला कि महिला की शादी नहीं हुई है। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मुथोनी को हिरासत में ले लिया। बाद में उनके खिलाफ शादी के बाहर संबंध बनाने के आरोप में मुकदमा चलाया गया। अक्टूबर में रियाद की अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया। अब उन्हें 100 कोड़े मारने के साथ एक साल तक देश से बाहर रहने की सजा सुनाई गई है।
एक साल से बेटे के साथ केन्या लौटने की कोशिश कर रहीं मुथोनी
एस्तेर मुथोनी पिछले करीब एक साल से अपने छोटे बेटे अबूडी के साथ केन्या लौटने की कोशिश कर रही हैं। लेकिन उनके खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई के कारण वह ऐसा नहीं कर सकीं। अब अदालत के फैसले के बाद उनकी स्वदेश वापसी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।मुथोनी के परिवार और उनके मामले से जुड़े लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि उन्हें सजा कब दी जाएगी और इसके बाद वह अपने बच्चे के साथ केन्या कब लौट सकेंगी। फिलहाल कोड़े मारने की सजा की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सऊदी अरब में दूसरी महिलाओं को नहीं मिली ऐसी सजा
इस मामले में सबसे अहम बात न्यूयॉर्क टाइम्स की एक जांच में सामने आई है। अखबार के मुताबिक, सऊदी अरब में बिना शादी बच्चे को जन्म देने वाली कई महिलाओं को किसी तरह की कानूनी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ता।न्यूयॉर्क टाइम्स ने ऐसी कई महिलाओं से बातचीत की, जिन्होंने बताया कि उन्होंने सऊदी अरब में बिना शादी बच्चों को जन्म दिया, लेकिन इस वजह से उन्हें कोई सजा नहीं मिली। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि मुथोनी के मामले में इतनी सख्त कार्रवाई क्यों की गई।
बच्चे के पिता के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र नहीं
मुथोनी के मामले में अदालत के फैसले को लेकर एक और सवाल उठ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत के आदेश में बच्चे के पिता के खिलाफ किसी कार्रवाई का जिक्र नहीं किया गया है। यानी इस मामले में केवल महिला को सजा सुनाई गई है।फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चे के पिता की पहचान हुई है या उनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की गई है। मुथोनी के मामले ने सऊदी अरब में कानून के अमल और विदेशी महिला कामगारों की स्थिति को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सवाल खड़े किए हैं।

