Jared Kushner का दावा- यूरोप ने यूक्रेन से ज्यादा रूस की मदद की: युद्ध के दौरान खरीदा ₹23 लाख करोड़ का तेल-गैस
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर ने यूरोपीय देशों पर रूस की आर्थिक मदद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूरोप ने रूस से 23 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का तेल और गैस खरीदा। यह रकम यूक्रेन को दिए गए हथियारों की कीमत से करीब तीन गुना अधिक है।
एक इंटरव्यू में कुशनर ने कहा कि यूरोपीय देश एक तरफ यूक्रेन को रूस के खिलाफ लड़ने के लिए हथियार और आर्थिक सहायता दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ रूस से तेल और गैस खरीदकर उसकी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं।
यूरोप ने यूक्रेन को दी 25.8 लाख करोड़ रुपये की मदद
यूरोपीय संघ (EU) के मुताबिक, रूस के हमले के बाद यूरोपीय संघ और उसके 27 सदस्य देशों ने यूक्रेन को करीब 25.8 लाख करोड़ रुपये की सहायता दी है। इसमें आर्थिक मदद, सैन्य सहायता, सैनिकों की ट्रेनिंग और शरणार्थियों के लिए सहायता शामिल है।
इसमें करीब 13.8 लाख करोड़ रुपये आर्थिक सहायता के रूप में दिए गए। इस रकम से यूक्रेन में सरकारी कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन, अस्पतालों, स्कूलों और दूसरी जरूरी सेवाओं को जारी रखने में मदद मिली।
इसके अलावा यूरोपीय देशों ने करीब 8.2 लाख करोड़ रुपये के हथियार और सैन्य उपकरण उपलब्ध कराए। इनमें मिसाइल, टैंक और गोला-बारूद शामिल हैं। यूरोपीय संघ के सैन्य मिशन के तहत करीब 85 हजार यूक्रेनी सैनिकों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।
2025 में यूरोप ने बढ़ाई यूक्रेन की सैन्य सहायता
जर्मनी के कील इंस्टीट्यूट की फरवरी 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में यूरोप ने यूक्रेन को मिलने वाली सहायता में बढ़ोतरी की।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2022 से 2024 के औसत की तुलना में 2025 में यूरोप की सैन्य सहायता 67% बढ़ी। वहीं आर्थिक और मानवीय सहायता में 59% की बढ़ोतरी हुई।
इसी दौरान अमेरिका ने यूक्रेन को नई सैन्य सहायता काफी कम कर दी। 2025 में अमेरिका ने केवल 40 करोड़ यूरो की नई सैन्य मदद दी। यूरोपीय देशों ने अपनी सहायता बढ़ाकर अमेरिकी मदद में आई कमी को पूरा करने की कोशिश की।
जमीन के मुद्दे पर अटकी रूस-यूक्रेन शांति वार्ता
जेरेड कुशनर ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच शांति समझौते में सबसे बड़ी बाधा पूर्वी यूक्रेन के क्षेत्रों को लेकर है। रूस इन इलाकों पर अपना दावा करता है, जबकि यूक्रेन इन्हें छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।
कुशनर के मुताबिक, अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन तथा उनकी टीम के साथ कई घंटे बातचीत की है। इन बैठकों में साफ हुआ कि क्षेत्रीय विवाद फिलहाल शांति समझौते की राह में सबसे बड़ी रुकावट है।
कुशनर और विटकॉफ रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए अमेरिका की ओर से बातचीत में शामिल हैं। हालांकि, कई दौर की बातचीत के बावजूद दोनों देशों के बीच अब तक सहमति नहीं बन पाई है।
रूस के मिसाइल हमले में यूक्रेन में दो लोगों की मौत
रूस की ओर से यूक्रेन पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। हाल ही में रूसी सेना ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह पर मिसाइल हमला किया।
जेलेंस्की के मुताबिक, हमले के बाद शहर में चार जगह आग लग गई। करीब 25 अपार्टमेंट इमारतों के अलावा अस्पताल, स्कूल, दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा।
इस हमले में 7 साल के बच्चे और 20 साल की युवती की मौत हो गई, जबकि 6 बच्चों समेत 60 लोग घायल हुए।
यूक्रेन ने लीबिया के पास रूसी युद्धपोत को बनाया निशाना
यूक्रेन ने 23 नवंबर को अफ्रीकी देश लीबिया के पास रूसी नौसेना के युद्धपोत मर्क्युरी पर हमला कर उसे डुबोने का दावा किया। राष्ट्रपति जेलेंस्की के मुताबिक, इस हमले में यूक्रेन में बने 7 समुद्री ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। हमले में रूसी सेना का एक हेलिकॉप्टर भी तबाह हो गया।
यूक्रेन ने रूसी मालवाहक जहाज MV अंगारा को भी निशाना बनाया। यूक्रेन का दावा है कि इस जहाज के जरिए हथियारों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया जा रहा था।
हमले के बाद सामने आई सैटेलाइट तस्वीरों में मर्क्युरी समुद्र में डूबा दिखाई दिया। यूक्रेन के मुताबिक, नवंबर में अब तक चार रूसी जहाजों को निशाना बनाया जा चुका है।

