Samachar Nama
×

Italy Protest: इटली में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक, भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

Italy Protest: इटली में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक, भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

इटली में बढ़ती महंगाई के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़कने के बाद भारतीय दूतावास ने वहां रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने लोगों से प्रदर्शन वाले इलाकों और भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहने के साथ स्थानीय समाचारों पर नजर रखने की अपील की है। वहीं, हिंसा की घटनाओं को देखते हुए इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने सुरक्षा को लेकर आपात बैठक बुलाई है।

भारतीय दूतावास ने आपात स्थिति में सहायता के लिए रोम और मिलान स्थित अपने कार्यालयों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं।

  • रोम स्थित भारतीय दूतावास: +39 331 614 2085
  • मिलान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास: +39 3881647527

मिलान में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प

रविवार को इटली के कई शहरों में महंगाई के विरोध में लोग सड़कों पर उतरे। शुरुआत में शांतिपूर्ण रहे प्रदर्शन के दौरान मिलान में हालात बिगड़ गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर, कूड़ेदान और कुर्सियां फेंकीं। जवाब में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, वीकेंड पर मिलान में 5,000 से अधिक लोग प्रदर्शन में शामिल हुए थे। हिंसा के दौरान कुछ दुकानों में लूटपाट हुई और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। इटली की समाचार एजेंसी अंसा के अनुसार, पुलिस ने 200 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। इनमें करीब 80 प्रतिशत नाबालिग बताए गए हैं। झड़पों में पुलिसकर्मियों सहित कई लोगों के घायल होने की खबर भी सामने आई है।

ट्यूरिन और बोलोन्या में भी बढ़ाई गई सतर्कता

प्रदर्शनों का असर मिलान तक सीमित नहीं रहा। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के मुताबिक, ट्यूरिन में कुछ लोगों को पत्थर और शीशे तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले हथौड़े लेकर जाते समय हिरासत में लिया गया। वहीं, बोलोन्या में संभावित गड़बड़ी की आशंका के चलते एक रेलवे स्टेशन को एहतियातन बंद कर दिया गया।

मिलान के मेयर ग्यूसेपे साला ने हिंसा और तोड़फोड़ पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि दुकानों के टूटे शीशे, लूटपाट और नागरिकों के बीच डर का माहौल चिंताजनक है।

मेलोनी ने कहा- विरोध का अधिकार है, हिंसा का नहीं

प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हिंसक घटनाओं की निंदा करते हुए कहा कि लोगों को प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन शहरों में तोड़फोड़ और आगजनी को जायज नहीं ठहराया जा सकता।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शनों का फायदा उठाकर अराजकता फैलाने की कोशिश की। मेलोनी ने विपक्षी दलों से भी हिंसा की स्पष्ट रूप से निंदा करने की अपील की। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में चुप्पी या अस्पष्ट रुख से गलत संदेश जा सकता है।

इटली में रह रहे भारतीय क्या करें?

भारतीय दूतावास ने मौजूदा हालात को देखते हुए नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। भारतीयों को प्रदर्शन स्थलों से दूर रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और ताजा खबरों पर नजर रखने को कहा गया है।

किसी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक रोम स्थित दूतावास या मिलान स्थित वाणिज्य दूतावास से जारी संपर्क नंबरों पर सहायता मांग सकते हैं।

Share this story

Tags