लेबनान में इजराइल की बड़ी सैन्य कार्रवाई, वीडियो में देंखे 900 साल पुराने ब्यूफोर्ट किले पर किया कब्जा
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में बड़ी सैन्य सफलता का दावा किया है। इजराइली सेना ने 900 साल पुराने ऐतिहासिक ब्यूफोर्ट किले और आसपास की रणनीतिक पहाड़ियों पर कब्जा कर लिया है। इस कार्रवाई को पिछले 26 वर्षों में लेबनान के भीतर इजराइल की सबसे बड़ी सैन्य घुसपैठ माना जा रहा है।
ब्यूफोर्ट किले पर लहराया इजराइली झंडा
रविवार को इजराइली अधिकारियों द्वारा जारी तस्वीरों और वीडियो में ऐतिहासिक ब्यूफोर्ट किले पर इजराइली झंडा फहराते हुए देखा गया। यह किला दक्षिणी लेबनान की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित है और लंबे समय से सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता रहा है।
कई दिनों तक चली लड़ाई के बाद मिली सफलता
इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बताया कि सेना ने आसपास के गांवों में कई दिनों तक चले जमीनी संघर्ष और व्यापक हवाई हमलों के बाद इस क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित किया है। उनके अनुसार, सैन्य अभियान का उद्देश्य सीमा क्षेत्र में मौजूद सशस्त्र ठिकानों को खत्म करना और सुरक्षा खतरे को कम करना था।
26 वर्षों की सबसे बड़ी घुसपैठ
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह कार्रवाई पिछले 26 वर्षों में लेबनान के अंदर इजराइल की सबसे बड़ी सैन्य घुसपैठ मानी जा रही है। इससे पहले वर्ष 2000 में इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान से अपनी अधिकांश सैन्य मौजूदगी वापस ले ली थी।
रणनीतिक रूप से क्यों अहम है ब्यूफोर्ट किला?
ब्यूफोर्ट किला लगभग 900 साल पुराना ऐतिहासिक दुर्ग है, जिसे क्रूसेडर काल का माना जाता है। ऊंची पहाड़ी पर स्थित होने के कारण यह आसपास के बड़े क्षेत्र पर निगरानी रखने की क्षमता प्रदान करता है। यही वजह है कि दशकों से यह क्षेत्र सैन्य दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता रहा है।
क्षेत्रीय तनाव बढ़ने की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि इस सैन्य कार्रवाई के बाद इजराइल और लेबनान के बीच तनाव और बढ़ सकता है। दक्षिणी लेबनान लंबे समय से विभिन्न सशस्त्र समूहों और इजराइली सेना के बीच संघर्ष का केंद्र रहा है। ऐसे में ब्यूफोर्ट किले पर कब्जा क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

