इजराइली PM का महंगा मेक-अप: 3 महीने में ₹22 लाख के बाल, आखिर कौन है वो स्टाइलिस्ट जिसका नाम रखा गया सीक्रेट?
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बालों की स्टाइलिंग और मेकअप पर पिछले करीब 7 साल में करोड़ों रुपये खर्च होने का मामला सामने आया है। सूचना के अधिकार यानी RTI के तहत सामने आए सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक, साल 2019 से अगस्त 2026 तक प्रधानमंत्री के बालों और मेकअप पर करीब 4.7 लाख डॉलर, यानी लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च किए गए।यह जानकारी दिसंबर 2025 में वकील यारा शलित की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय से मांगी गई जानकारी के बाद सामने आई। इसके बाद अलग-अलग वर्षों और महीनों में हुए खर्च का ब्योरा जारी किया गया।
इस अवधि में इजराइल में तीन प्रधानमंत्री रहे—बेंजामिन नेतन्याहू, नफ्ताली बेनेट और याइर लैपिड। रिकॉर्ड के मुताबिक, कुल खर्च का करीब 90 फीसदी हिस्सा नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा से जुड़ा बताया गया है।
हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट के नाम तक छिपाए
सरकारी रिकॉर्ड में कुछ जगहों पर नेतन्याहू और उनकी पत्नी के हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसके पीछे राज्य की सुरक्षा का हवाला दिया।
यानी सरकारी रिकॉर्ड में खर्च की रकम सामने आई, लेकिन सेवाएं देने वाले कुछ लोगों की पहचान को सुरक्षा कारणों से गोपनीय रखा गया।
2023 में युद्ध के दौरान भी बाल और मेकअप पर लाखों खर्च
रिकॉर्ड के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में जब इजराइल-हमास युद्ध शुरू हुआ और देश बेहद गंभीर हालात से गुजर रहा था, उस दौरान भी प्रधानमंत्री के बाल और मेकअप पर खर्च हुआ।
सितंबर से नवंबर 2023 के बीच बालों की स्टाइलिंग पर करीब 2,600 डॉलर यानी लगभग 22 लाख रुपये और मेकअप पर करीब 1,580 डॉलर यानी करीब 13 लाख रुपये खर्च किए गए।
अकेले अक्टूबर 2023 में ही बालों की स्टाइलिंग पर करीब 810 डॉलर यानी लगभग 68 हजार रुपये खर्च हुए।
पूरे 2023 में हेयर स्टाइलिंग और मेकअप पर करीब 1.03 लाख डॉलर यानी लगभग 86 लाख रुपये खर्च किए गए।
वहीं, 2022 में नफ्ताली बेनेट और याइर लैपिड के कार्यकाल के दौरान इस तरह का खर्च करीब 27,600 डॉलर यानी लगभग 23 लाख रुपये रहा।
2025 में सबसे ज्यादा खर्च
रिकॉर्ड के अनुसार, 2025 में नेतन्याहू के बालों और मेकअप पर सबसे ज्यादा खर्च हुआ। पूरे साल यह रकम करीब 93 लाख रुपये बताई गई।
विदेश यात्राओं के दौरान भी इस मद में बड़ी रकम खर्च हुई। फरवरी 2025 में हेयर स्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट की सेवाओं पर करीब 11 लाख रुपये खर्च किए गए।
यह वह समय था जब नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के लिए वॉशिंगटन गए थे। इसके अलावा जुलाई 2024 में उनकी अमेरिका यात्रा के दौरान भी बालों और मेकअप पर करीब 9.6 लाख रुपये खर्च होने की जानकारी सामने आई।
कपड़ों और मेहमानों की मेजबानी पर भी करोड़ों का खर्च
सिर्फ बाल और मेकअप ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के कपड़ों और मेहमानों की मेजबानी से जुड़े खर्च में भी नेतन्याहू का आंकड़ा काफी ज्यादा रहा।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस मद में नेतन्याहू से जुड़े खर्च करीब 1.12 करोड़ रुपये रहे। वहीं नफ्ताली बेनेट के लिए करीब 16 लाख रुपये और याइर लैपिड के लिए करीब 2.2 लाख रुपये खर्च हुए।
हालांकि, गहनों, कपड़ों और इमेज कंसल्टिंग से जुड़े कुछ खर्चों का पूरा विवरण सरकार ने सार्वजनिक नहीं किया है।
नेतन्याहू के बदलते हेयर कलर की भी होती रही चर्चा
बेंजामिन नेतन्याहू के बाल पहले भी चर्चा में रहे हैं। इजराइली मीडिया में कई बार उनके बदलते हेयर कलर को लेकर खबरें सामने आती रही हैं।
कभी उनके बाल गहरे भूरे दिखाई दिए तो कभी ग्रे, सफेद और दूसरे शेड्स में नजर आए। 2017 में उनके बदलते हेयर कलर को लेकर काफी चर्चा हुई थी। उस समय नेतन्याहू ने भी मजाकिया अंदाज में इस पर टिप्पणी की थी।
बाद में 2021 में उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान अपने बालों के रंग को लेकर सफाई देते हुए बताया था कि वह ऐसा शैंपू इस्तेमाल करते हैं जिससे बालों का रंग बदला जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया था कि हेयर कलर के साथ प्रयोग करते हुए उनके बाल कभी हरे, कभी भूरे और कभी बैंगनी रंग के शेड में भी नजर आए थे।
अब RTI से सामने आए करीब 4 करोड़ रुपये के बाल और मेकअप खर्च ने इजराइल की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है। सवाल यह है कि प्रधानमंत्री की पर्सनल ग्रूमिंग पर सरकारी खजाने से इतनी बड़ी रकम खर्च करना कितना उचित है।

