Samachar Nama
×

Israel Secret Operation: 40 साल तक ईरान पर शक करता रहा इजराइल, दो ईरानी जनरलों को अगवा किया; अब सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

Israel Secret Operation: 40 साल तक ईरान पर शक करता रहा इजराइल, दो ईरानी जनरलों को अगवा किया; अब सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

इजराइल करीब चार दशक तक अपने लापता वायुसेना अधिकारी रॉन अराद की तलाश में ईरान को जिम्मेदार मानता रहा। इस मामले में इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद ने ईरान के दो पूर्व जनरलों को अगवा कर उनसे पूछताछ तक की। एक जनरल की हत्या किए जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि, अब इजराइल को लगता है कि रॉन अराद को कभी ईरान ले जाया ही नहीं गया था, बल्कि उसकी मौत लेबनान में ही हो गई थी।

न्यूयॉर्क टाइम्स की एक विस्तृत जांच रिपोर्ट में मोसाद के इन गुप्त अभियानों और इजराइल की दशकों पुरानी जांच से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल ने ईरान से जुड़े लोगों को निशाना बनाकर अराद के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन उसे कोई ठोस सबूत नहीं मिला।

1986 में लेबनान में लापता हुआ था इजराइली पायलट

रॉन अराद इजराइली वायुसेना में अधिकारी था। 16 अक्टूबर 1986 को वह दक्षिणी लेबनान के ऊपर लड़ाकू विमान से मिशन पर था। इस दौरान उसने फिलिस्तीन लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन (PLO) के ठिकाने पर बमबारी की। हालांकि, बम समय से पहले फट गया और उसका विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अराद को पैराशूट से बाहर निकलना पड़ा।

इसके बाद लेबनान के शिया संगठन अमल के लड़ाकों ने उसे पकड़ लिया। संगठन के सुरक्षा प्रमुख मुस्तफा दिरानी ने उसे अपनी निगरानी में रखा। अमल संगठन ने उसकी रिहाई के बदले लाखों डॉलर और फिलिस्तीनी तथा लेबनानी कैदियों को छोड़ने की मांग की थी। लेकिन उस समय इजराइल के रक्षा मंत्री यित्जाक राबिन कैदियों की अदला-बदली के लिए तैयार नहीं थे।

ईरान पर शक के चलते शुरू हुई खुफिया जांच

उस समय ईरान का लेबनान की राजनीति और शिया संगठनों पर काफी प्रभाव था। वह कई संगठनों को आर्थिक मदद और सैन्य प्रशिक्षण देता था। इसी वजह से इजराइल को शक हुआ कि अमल के लड़ाके रॉन अराद को ईरान के हवाले कर सकते हैं।

1989 में अराद की पत्नी को इजराइली सरकार ने भरोसा दिलाया कि उनके पति जिंदा हैं और उन्हें ईरानी एजेंटों को सौंप दिया गया है। इसके बाद इजराइल में यह धारणा मजबूत हो गई कि अराद ईरान की हिरासत में है।

1992 में मोसाद के एक अधिकारी को एक ईरानी डॉक्टर मिला। उसने दावा किया कि उसने अराद का इलाज तेहरान और लेबनान में किया था। उसका लाई डिटेक्टर टेस्ट भी कराया गया, लेकिन नतीजे स्पष्ट नहीं थे। बाद में डॉक्टर दोबारा सामने नहीं आया। मोसाद के कुछ अधिकारियों को लगा कि वह पैसों के लिए झूठ बोल रहा था, लेकिन उसकी कहानी को भी ईरान के खिलाफ संभावित सबूत माना गया।

अमल कमांडर को अगवा कर की गई पूछताछ

1994 में इजराइली कमांडो ने लेबनान में ऑपरेशन चलाकर मुस्तफा दिरानी को अगवा कर लिया। उसे इजराइल की गुप्त जेल में रखकर पूछताछ की गई।

दिरानी ने बताया कि उसने अराद को नबी चित गांव में एक परिवार की देखरेख में रखा था। एक रात इजराइली हमले के कारण उसकी सुरक्षा में लगे लोग वहां से चले गए। जब वे वापस लौटे तो अराद गायब था।

पूछताछ के दौरान दिरानी ने दावा किया कि एक ईरानी अधिकारी ने उसे बताया था कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स अराद को अपने साथ ले गए हैं। हालांकि, इस दावे की पुष्टि करने वाला कोई ठोस सबूत नहीं मिला। दिरानी ने बाद में पूछताछ के दौरान शारीरिक और यौन यातना दिए जाने का आरोप भी लगाया था।

दो ईरानी जनरलों को बनाया गया निशाना

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 2006 में मोसाद ने ईरान के पूर्व जनरल अलीरेजा असगरी को निशाना बनाया। असगरी ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की कुद्स फोर्स में काम कर चुका था और रक्षा उपमंत्री के पद तक पहुंचा था।

दिसंबर 2006 में वह तुर्किये के इस्तांबुल स्थित एक होटल में ठहरा था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। तीन पूर्व अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मोसाद के एजेंटों ने उसे अगवा किया, कई हफ्तों तक पूछताछ की और बाद में उसकी हत्या कर दी।

एक पूर्व अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, असगरी से एक जहाज पर पूछताछ हुई थी। बाद में उसका शव काला सागर में फेंक दिया गया। उससे रॉन अराद के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की गई थी, लेकिन उसे इस संबंध में कुछ पता नहीं था।

इसके करीब 15 साल बाद सितंबर 2021 में मोसाद ने दूसरे ईरानी जनरल अब्दुल्ला साबेरी को निशाना बनाया। रिपोर्ट के मुताबिक, सीरिया की राजधानी दमिश्क में एजेंट सामान ढोने वाले कर्मचारियों के भेष में पहुंचे थे। उन्होंने साबेरी को पकड़कर बेहोश किया और एक बड़े डिब्बे में डालकर वहां से ले गए।

बाद में उसे इजराइल ले जाकर पूछताछ की गई। उससे रॉन अराद के बारे में जानकारी मांगी गई। पूछताछ के बाद उसे दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में छोड़ दिया गया। साबेरी ने भी बाद में यातना दिए जाने का आरोप लगाया।

नेतन्याहू को भी दी गई थी जांच रिपोर्ट

इजराइल की खुफिया एजेंसियों को समय-समय पर ऐसे संकेत मिलते रहे कि अराद को ईरान नहीं ले जाया गया था। 2006 में इजराइल की घरेलू खुफिया एजेंसी शिन बेट के प्रमुख युवाल डिस्किन ने मामले की नए सिरे से जांच कराई। इसमें सामने आया कि ईरान से जुड़े पुराने दावों के समर्थन में पर्याप्त सबूत नहीं थे। जांच टीम का मानना था कि अराद की मौत लेबनान के नबी चित गांव में हुई होगी।

2016 में इजराइली सेना के लापता सैनिकों से जुड़े विभाग के पूर्व प्रमुख अवी कालो ने भी एक रिपोर्ट तैयार की। इसमें दावा किया गया कि अराद की मौत 1988 में लेबनान में हो गई थी। यह रिपोर्ट प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को भी सौंपी गई थी।

इसके बावजूद ईरान को लेकर इजराइल का शक लंबे समय तक बना रहा। पूर्व इजराइली खुफिया अधिकारी रज जिम्ट ने माना कि हर मामले में ईरान को जिम्मेदार मानने की सोच ने जांच की दिशा को प्रभावित किया।

अब लेबनान में शव की तलाश कर रहा इजराइल

अब इजराइल का ध्यान ईरान के बजाय लेबनान के नबी चित गांव पर केंद्रित है। इजराइली अधिकारियों को लगता है कि लेबनान के पूर्व सुरक्षा अधिकारी अहमद शुक्र के पास अराद के बारे में अहम जानकारी हो सकती थी।

शुक्र पिछले साल दिसंबर में एक कारोबारी से मिलने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। लेबनानी अधिकारियों को संदेह है कि इजराइली एजेंटों ने उसे अगवा किया था। हालांकि, इजराइल ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया।

इसके कुछ महीने बाद इजराइली सैनिकों ने नबी चित गांव में अभियान चलाकर एक कब्रिस्तान में अराद के शव की तलाश की, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।

न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, पूर्व इजराइली अधिकारी अवी कालो का मानना है कि इजराइल को करीब 20 साल पहले ही नबी चित गांव में तलाश शुरू कर देनी चाहिए थी। ईरान पर शक के कारण जांच गलत दिशा में आगे बढ़ती रही और पायलट के लापता होने का रहस्य आज तक नहीं सुलझ सका।

Share this story

Tags