Samachar Nama
×

Iran-US Conflict: कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ईरान का हमला, होर्मुज में भारतीय नाविकों वाले टैंकर को बनाया निशाना

Iran-US Conflict: कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ईरान का हमला, होर्मुज में भारतीय नाविकों वाले टैंकर को बनाया निशाना

पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। ईरान ने बुधवार को कुवैत में अमेरिकी एयरबेस और बहरीन में कई ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए। ईरान की सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के मुताबिक, ये कार्रवाई अमेरिका की ओर से मंगलवार को केश्म द्वीप पर किए गए सैन्य हमले के जवाब में की गई।

हालांकि, कुवैत की सेना ने दावा किया कि अली अल सलेम एयर बेस पर ड्रोन से हमला करने की कोशिश की गई, लेकिन उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया। दूसरी ओर, बहरीन में बुधवार सुबह हवाई हमले के सायरन सुनाई दिए। वहां की सेना ने भी कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने कई ईरानी हवाई हमलों को रोक दिया।

केश्म द्वीप पर अमेरिकी कार्रवाई के बाद बढ़ा तनाव

ईरान के ताजा हमलों से एक दिन पहले अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में स्थित ईरान के केश्म द्वीप पर सैन्य कार्रवाई की थी। इस दौरान ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड की मिसाइल लॉन्च साइट को निशाना बनाया गया।

अमेरिका का कहना था कि यह कार्रवाई बहरीन में उसके रडार प्रतिष्ठान पर हुए ईरानी हमले के जवाब में की गई थी। इस तरह दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई और जवाबी हमलों का सिलसिला जारी है। हालांकि, बुधवार को कुवैत और बहरीन में हुए ताजा हमलों पर अमेरिकी सेना की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।

होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर पर प्रोजेक्टाइल से हमला

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर समुद्री व्यापार पर भी दिखाई दे रहा है। फारस की खाड़ी में होर्मुज स्ट्रेट के पास बुधवार को लाइबेरिया के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर 'एमटी नेविग-8 मेसी' पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया।

इस जहाज पर तीन भारतीय नाविकों समेत पूरा चालक दल सवार था। राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं।

इससे पहले 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर 'एमटी तारा गैस' पर भी मिसाइल हमला हुआ था। उस जहाज पर 24 भारतीय नाविक मौजूद थे।

वहीं, 12 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात के पास कच्चे तेल से भरे एक अन्य टैंकर को निशाना बनाया गया था। उस जहाज पर 19 भारतीय नाविकों सहित कुल 22 लोग सवार थे। UAE कोस्ट गार्ड ने सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।

भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति होती है। इस क्षेत्र में लगातार हो रहे हमलों से जहाजों की आवाजाही और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।

तेल टैंकरों पर हमलों के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा भी अहम मुद्दा बन गई है। हाल के घटनाक्रमों में कई जहाजों पर भारतीय चालक दल के सदस्य मौजूद थे। फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक, इन घटनाओं में संबंधित जहाजों के चालक दल को सुरक्षित बचा लिया गया है।

Share this story

Tags