ईरान ने अमेरिका को भेजा नया परमाणु प्रस्ताव, वीडियो में जाने बातचीत से पहले रखीं 7 शर्तें; होर्मुज खोलने पर भी अड़ा
अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध को खत्म कराने के लिए कूटनीतिक कोशिशें तेज हो गई हैं। इसी बीच ईरान ने अमेरिका को नया परमाणु प्रस्ताव भेजा है। यह प्रस्ताव कतर के माध्यम से अमेरिकी प्रशासन तक पहुंचाया गया है। ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि उसकी सात शर्तें पूरी होने के बाद ही वह अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शुरू करेगा और होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने पर विचार करेगा।रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अमेरिका इस प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है। ईरान की मांगों में आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने, युद्ध में हुए नुकसान की भरपाई और पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी कम करने जैसे मुद्दे शामिल हैं। इन शर्तों के जरिए ईरान बातचीत शुरू होने से पहले अपनी आर्थिक और सुरक्षा संबंधी मांगों को पूरा करवाना चाहता है।
ईरान की सात प्रमुख मांगें
ईरान ने अमेरिका के सामने सबसे पहले दूसरे देशों के बैंकों में जमा अपनी रोकी गई संपत्ति वापस करने की मांग रखी है। ईरान का कहना है कि विदेशों में उसकी जो रकम प्रतिबंधों के कारण फंसी हुई है, उसे वापस किया जाना चाहिए।दूसरी मांग युद्ध के दौरान हुए नुकसान की भरपाई से जुड़ी है। ईरान चाहता है कि अमेरिका उसके ठिकानों, बुनियादी ढांचे और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का मुआवजा दे।तीसरी शर्त ईरान के बंदरगाहों और समुद्री कारोबार पर लगी अमेरिकी रोक हटाने की है। ईरान का मानना है कि समुद्री व्यापार पर प्रतिबंध हटने से उसकी आर्थिक गतिविधियों को राहत मिलेगी।
चौथी मांग तेल कारोबार पर लगी पाबंदियां हटाने की है। ईरान चाहता है कि उसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में दूसरे देशों को स्वतंत्र रूप से तेल बेचने का मौका मिले। इससे उसकी तेल से होने वाली कमाई बढ़ सकेगी।
पांचवीं शर्त अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई रोकने से जुड़ी है। ईरान चाहता है कि उसके साथ-साथ क्षेत्र में सक्रिय उसके सहयोगी संगठनों के खिलाफ भी सैन्य कार्रवाई बंद की जाए।छठी मांग पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी कम करने की है। इसके तहत ईरान चाहता है कि क्षेत्र में अमेरिका अपने सैन्य ठिकानों और सैनिकों की तैनाती घटाए।सातवीं शर्त के तौर पर ईरान ने इन मांगों को पूरा किए जाने के बाद ही परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शुरू करने की बात कही है। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को भी इन शर्तों से जोड़ दिया है।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी बना हुआ है तनाव
होर्मुज जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय तेल व्यापार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। इसके जरिए दुनिया के कई देशों तक कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति होती है। ऐसे में इस मार्ग को खोलने या बंद रखने का मुद्दा वैश्विक ऊर्जा बाजार और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को प्रभावित कर सकता है।ईरान के नए प्रस्ताव के बाद अब अमेरिका के जवाब पर नजर है। फिलहाल अमेरिकी प्रशासन इसकी समीक्षा कर रहा है। दोनों देशों के बीच युद्ध समाप्त करने और परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ेगी, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

