ब्रिटेन में भारतीय मूल के बिलाल काजी को 30 साल की जेल, 70 नाबालिग लड़कियों को ऑनलाइन फंसाकर करता था ब्लैकमेल
ब्रिटेन में भारतीय मूल के 27 वर्षीय युवक बिलाल काजी को 70 नाबालिग लड़कियों का ऑनलाइन शोषण करने और उन्हें ब्लैकमेल करने के मामले में 30 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। आरोपी सोशल मीडिया पर अपनी पहचान छिपाकर खुद को 14 साल का ब्रिटिश लड़का बताता था। इसके बाद वह नाबालिग लड़कियों से दोस्ती करता और धीरे-धीरे उनसे अश्लील तस्वीरें और वीडियो मांगने लगता था।
तस्वीरें मिलने के बाद वह उन्हें इंटरनेट पर वायरल करने और परिवार व दोस्तों को भेजने की धमकी देकर लड़कियों को ब्लैकमेल करता था। शुक्रवार, 13 नवंबर को अदालत ने उसे 37 गंभीर अपराधों में दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। इनमें बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाने, ब्लैकमेल करने और नाबालिगों को यौन गतिविधियों के लिए उकसाने जैसे अपराध शामिल हैं।
बिलाल चेस्टर यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने कई साल तक अलग-अलग सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए नाबालिग लड़कियों को अपना निशाना बनाया।
14 साल का लड़का बनकर सोशल मीडिया पर करता था दोस्ती
ब्रिटिश पुलिस के मुताबिक, बिलाल काजी ने अगस्त 2021 से अगस्त 2025 के बीच इस अपराध को अंजाम दिया। वह Snapchat, Roblox और Wink जैसे सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहता था।
इन प्लेटफॉर्म पर वह खुद को 'रीस' नाम का 14 वर्षीय ब्रिटिश लड़का बताता था। अपनी नकली पहचान को असली दिखाने के लिए उसने एक दूसरे किशोर की तस्वीर का इस्तेमाल किया था। इससे लड़कियों को लगता था कि वे अपनी ही उम्र के किसी लड़के से बातचीत कर रही हैं।
शुरुआत में वह सामान्य बातचीत और दोस्ती के जरिए उनका भरोसा जीतता था। इसके बाद निजी तस्वीरें और वीडियो मांगने लगता था। अगर कोई लड़की मना करती तो वह भावनात्मक दबाव बनाता और कहता कि प्यार करने वाले एक-दूसरे के साथ ऐसी तस्वीरें साझा करते हैं।
तस्वीरें मिलने के बाद उसका व्यवहार बदल जाता था। वह उन्हें सार्वजनिक करने, दोस्तों और परिवार तक पहुंचाने की धमकी देकर अपनी मांगें मनवाता था। कुछ मामलों में उसने लड़कियों के सोशल मीडिया अकाउंट तक हैक कर लिए और उनकी निजी तस्वीरें दूसरे लोगों को भेज दीं।
13 साल की लड़की की शिकायत से शुरू हुई जांच
इस पूरे मामले का खुलासा दिसंबर 2021 में एक 13 वर्षीय लड़की की शिकायत के बाद हुआ। लड़की ने पुलिस को बताया कि वह Snapchat पर एक लड़के से बातचीत करती थी। उसे लगता था कि वह भी उसकी उम्र का है।
धीरे-धीरे आरोपी उससे अश्लील बातें करने लगा और निजी तस्वीरें मांगने लगा। कुछ समय बाद लड़की ने उससे साफ कह दिया कि वह केवल दोस्त बने रहना चाहती है और आगे कोई तस्वीर नहीं भेजेगी।
इस पर आरोपी ने उसे गालियां दीं और कहा कि वह उसकी संपत्ति है। उसने पहले भेजी गई तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी भी दी। डर के कारण लड़की उसकी बात मानने को मजबूर होती रही।
आरोपी ने बाद में उसका Snapchat अकाउंट हैक कर लिया और उसकी तस्वीरें दोस्तों के साथ साझा कर दीं। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से संपर्क किया। इसी शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ी और आरोपी के दूसरे अपराधों का भी पता चला।
11 से 17 साल की 70 लड़कियां बनीं शिकार
पुलिस ने जांच के दौरान बिलाल के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की पड़ताल की। इसमें कई सोशल मीडिया अकाउंट, यूजरनेम और लड़कियों से जुड़ी जानकारियां मिलीं।
शुरुआती जांच में पुलिस ने करीब 180 संभावित पीड़िताओं की पहचान की थी। आगे की पड़ताल के बाद 70 लड़कियों के आरोपी के अपराधों का शिकार होने की पुष्टि हुई।
इन लड़कियों की उम्र अपराध के समय 11 से 17 साल के बीच थी। वे ब्रिटेन के 28 अलग-अलग पुलिस क्षेत्रों से संबंधित थीं। इससे पता चला कि आरोपी लंबे समय से अलग-अलग इलाकों में रहने वाली बच्चियों को ऑनलाइन निशाना बना रहा था।
पुलिस ने 21 जुलाई 2023 को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बिलाल को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के समय वह चेस्टर और यूनिवर्सिटी छोड़ चुका था। ब्रिटेन लौटने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
जज ने कहा- तुम बेहद खतरनाक इंसान हो
13 नवंबर को अदालत में सजा सुनाते हुए जज स्टीफन एवरेट ने बिलाल काजी को बेहद खतरनाक व्यक्ति बताया। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, जज ने कहा कि आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था का फायदा उठाकर छोटी बच्चियों को अपना निशाना बनाया।
जज ने यह भी कहा कि यह समझना मुश्किल है कि कोई व्यक्ति इतनी कम उम्र की लड़कियों के साथ इस तरह के अपराध कैसे कर सकता है। उसके कृत्यों के कारण बच्चियां अपने घरों में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही थीं।
अदालत के अनुसार, आरोपी ने पीड़िताओं को मानसिक दबाव और डर के जरिए ऐसे काम करने के लिए मजबूर किया, जिनके बारे में वे सामान्य परिस्थितियों में सोच भी नहीं सकती थीं।
कम से कम 20 साल जेल में रहना होगा
अदालत ने बिलाल काजी को कुल 30 साल की सजा सुनाई है। हालांकि, उसे पैरोल पर रिहाई के लिए आवेदन करने से पहले कम से कम 20 साल जेल में बिताने होंगे।
इसके अलावा उसका नाम जीवनभर यौन अपराधियों के रजिस्टर में दर्ज रहेगा। जेल से रिहा होने के बाद भी उसे अगले 8 साल तक अदालत और संबंधित अधिकारियों की ओर से तय नियमों का पालन करना होगा।
इस मामले के सामने आने के बाद ब्रिटिश पुलिस ने अभिभावकों को बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने और सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

