Indian Sailor Death: भारतीय नाविक की मौत पर भड़का ईरान, अमेरिका को चेतावनी देते हुए बोला- ‘इंडिया के साथ ऐसा...'
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता और पब्लिक डिप्लोमेसी सेंटर के प्रमुख, इस्माइल बघाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में भारतीय नाविकों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि ईरान मारे गए भारतीय नाविकों के परिवारों और दोस्तों के प्रति सहानुभूति रखता है और भारत के लोगों और सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
अपने बयान में, बघाई ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ये हमले अमेरिका की कथित तौर पर जारी 'हथियारबंद लूट' और 'सरकारी संरक्षण वाली समुद्री डकैती' की नीति का स्पष्ट उदाहरण हैं। उनके अनुसार, ऐसी हरकतें अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्री सुरक्षा के सिद्धांतों का उल्लंघन करती हैं। बघाई ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अमेरिका को उसके कथित गैर-कानूनी व्यवहार के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए। उनका मानना है कि ऐसी गतिविधियां वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करती हैं और समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और स्वतंत्र आवाजाही को भी प्रभावित करती हैं।
**24 में से 21 लोगों को बचाया गया**
ओमान के तट पर मौजूद उस कमर्शियल जहाज पर कुल 24 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे, जिस पर कथित तौर पर अमेरिका ने हमला किया था। जहाज पर मौजूद 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन लोग लापता बताए गए। बाद में, लापता लोगों में से दो के शव बरामद किए गए। लापता चीफ इंजीनियर, पातानाला सुरेश का अभी तक कोई पता नहीं चला है; खबरों के अनुसार, उनके जीवित मिलने की संभावना अब बहुत कम मानी जा रही है। भारत सरकार ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। हमले की निंदा करते हुए, भारत के विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में अमेरिकी राजनयिक को विरोध का औपचारिक पत्र भेजा है।

