घायल होने के बावजूद डटे रहे भारतीय पायलट स्मित मच्छार, वीडियो में जाने बचाई 174 यात्रियों की जान; मोदी ने की तारीफ
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुए खौफनाक घटनाक्रम के दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने घायल होने के बावजूद अदम्य साहस दिखाया। उड़ान के दौरान उनके सह-पायलट ने कथित तौर पर उन पर चाकू से हमला कर दिया और विमान को नीचे ले जाने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिससे यात्रियों और चालक दल के अन्य सदस्यों को अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू करने का मौका मिला। विमान में 174 यात्री सवार थे। घटना के बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है। स्मित मच्छार को इलाज के लिए तबूक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई।
घायल होने के बाद भी नहीं छोड़ा हौसला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सह-पायलट के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने मुकाबला जारी रखा। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद यात्रियों को अंदर पहुंचने का मौका मिला। यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने मिलकर हमलावर को काबू किया।इस दौरान विमान कुछ ही समय में हजारों फीट नीचे चला गया था। बाद में विमान को संभाल लिया गया और तबूक में सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। घटना की जांच में कई देशों की एजेंसियां शामिल हैं।
विमान में मौजूद डेंटिस्ट ने किया इलाज
स्मित मच्छार की मदद करने वालों में विमान में मौजूद एक डेंटिस्ट भी शामिल थे। रिपोर्टों के मुताबिक, इजराइली यात्री और डेंटिस्ट डॉ. शोटा मुसायेव ने घायल पायलट को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर चोटों के बीच विमान में ही इलाज मिलने से उनकी स्थिति संभालने में मदद मिली। इसके अलावा फ्लाइट में मौजूद अन्य यात्रियों और ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी कॉकपिट को सुरक्षित करने और विमान को नियंत्रित करने में मदद की। इस सामूहिक प्रयास से बड़ा विमान हादसा टल गया।
गुजरात से हैं स्मित मच्छार
स्मित मच्छार के मूल रूप से गुजरात से होने की रिपोर्ट सामने आई है। उन्होंने पहले स्पाइसजेट में लंबे समय तक काम किया और जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े। उनके पास बोइंग 737 विमान उड़ाने का व्यापक अनुभव है।
पीएम मोदी ने की बहादुरी की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की। मोदी ने कहा कि घटना के दौरान भारतीय कैप्टन ने धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी स्मित की बहादुरी की प्रशंसा की और कहा कि उनके प्रयासों से एक बड़ी हवाई त्रासदी टली।फिलहाल स्मित मच्छार तबूक के अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। वहीं, सह-पायलट को सऊदी अधिकारियों ने हिरासत में लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

