बैंकॉक में भारतीय गैंग का खुलासा, फुटेज में देंखे दो युवकों को बंधक बनाकर कराते थे गांजे की पैकिंग
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में पुलिस ने एक भारतीय गैंग के ठिकाने पर छापा मारकर दो युवकों को बंधक से मुक्त कराया है। आरोप है कि गैंग के सदस्यों ने दोनों युवकों का अपहरण कर उन्हें एक मकान में कैद कर रखा था। उनसे दूसरे देशों में तस्करी के लिए गांजे की पैकिंग कराई जाती थी। काम करने से मना करने पर उन्हें लोहे की रॉड और कुदाल से बेरहमी से पीटा जाता था। पुलिस ने इस मामले में पांच भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है।यह कार्रवाई 24 नवंबर को बैंकॉक के पटनाकान 38 इलाके में की गई। पुलिस जब मकान में पहुंची, तब वहां आरोपी गांजे को बड़े सूटकेस और हाथियों की तस्वीर वाले कपड़े के थैलों में भर रहे थे। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में गांजा और उसकी तस्करी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की।
मकान की दूसरी मंजिल पर मिले दोनों युवक
पुलिस को मकान की तलाशी के दौरान दूसरी मंजिल पर दोनों भारतीय युवक मिले। इनमें से एक युवक मोहम्मद की हालत गंभीर थी। उसके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान थे और उसकी कलाई भी टूटी हुई थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि करीब चार दिन पहले उसका अपहरण किया गया था। वहीं, दूसरा युवक लगभग 10 दिनों से उस मकान में कैद था। दोनों को जबरन गांजे की पैकिंग और तस्करी से जुड़े काम में लगाया जाता था। काम करने से इनकार करने पर आरोपियों की ओर से उनके साथ मारपीट की जाती थी।
मां को वीडियो कॉल कर मांगी 4 करोड़ रुपये की फिरौती
मामले में सामने आया कि आरोपियों ने मोहम्मद की मां को वीडियो कॉल किया था। इस दौरान उन्होंने बेटे को छोड़ने के बदले 4 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। बेटे की जान बचाने के लिए परिवार ने शुरुआत में 10 लाख रुपये भी दे दिए थे। हालांकि, पैसे मिलने के बाद भी आरोपियों ने मोहम्मद को रिहा नहीं किया।आरोप है कि जब परिवार की ओर से बाकी रकम नहीं दी गई, तो दोनों युवकों को और प्रताड़ित किया जाने लगा। उन्हें लोहे की रॉड और कुदाल से पीटा जाता था। इतना ही नहीं, दोनों को पर्याप्त खाना भी नहीं दिया जाता था। लगातार मारपीट और कैद में रहने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई थी।
गांजे की तस्करी के लिए करते थे इस्तेमाल
पुलिस की शुरुआती कार्रवाई में पता चला कि आरोपी गांजे को सूटकेस और कपड़े के थैलों में पैक कर दूसरे देशों में भेजने की तैयारी कर रहे थे। हाथियों की तस्वीर वाले थैलों का इस्तेमाल भी गांजे को छिपाकर ले जाने के लिए किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा पैकिंग और तस्करी से जुड़ी सामग्री बरामद की।फिलहाल इस मामले में पांच भारतीयों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन देशों तक फैला हुआ है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों युवकों को अगवा करने और उनसे जबरन काम कराने में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

