Samachar Nama
×

पेरू में भारतीय युवक की SUV पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं, फुटेज में देंखे सोने के गहने लूटकर फरार हुए बदमाश

पेरू में भारतीय युवक की SUV पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं, फुटेज में देंखे सोने के गहने लूटकर फरार हुए बदमाश

दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में हथियारबंद बदमाशों ने एक भारतीय युवक और उसके साथ मौजूद महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने उनकी SUV पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं और कार में रखे सोने के जेवरों से भरे बैग और सूटकेस लूटकर फरार हो गए। हमले में भारतीय युवक और पेरू की महिला घायल हुए हैं। हालांकि, दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

यह वारदात शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे पेरू के कैलाओ इलाके के ला पेरला जिले में सांता रोसा पहाड़ी के पास हुई। भारतीय युवक और महिला जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान कई गाड़ियों में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने उनकी SUV को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

कई गाड़ियों से SUV को घेरा, भागने का रास्ता बंद किया

जानकारी के मुताबिक, हमलावर कई गाड़ियों में सवार होकर आए थे। उन्होंने अपनी गाड़ियां SUV के आगे और आसपास लगा दीं, ताकि उसमें बैठे लोग भाग न सकें। इसके बाद बदमाशों ने वाहन पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं।फायरिंग के बाद हमलावरों ने SUV के दरवाजे खोल दिए और उसमें रखे सामान की तलाशी लेने लगे। उन्होंने सोने के जेवरों से भरे बैग और सूटकेस अपने कब्जे में ले लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर अपनी गाड़ियों से मौके से फरार हो गए।

एयरपोर्ट जाते समय हुआ हमला

भारतीय युवक और पेरू की महिला जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। हमले में दोनों को चोटें आईं। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

पुलिस को पहले से पीछा करने का शक

पुलिस को आशंका है कि हमलावर वारदात से पहले ही भारतीय युवक और महिला का पीछा कर रहे थे। जिस तरह से कई गाड़ियों ने SUV को घेरकर रास्ता बंद किया और फिर फायरिंग के बाद सीधे सोने के गहनों से भरे बैग और सूटकेस लूटे, उससे पुलिस को यह सुनियोजित हमला लग रहा है।पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमलावरों को SUV में रखे सोने के जेवरों की जानकारी पहले से थी या नहीं। वारदात में शामिल लोगों की पहचान और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

CCTV में कैद हुई वारदात

हमले के दौरान पास की एक इमारत में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड हो गया। इस फुटेज के जरिए पुलिस को हमलावरों की गाड़ियों और वारदात के तरीके से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने के जेवरों की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Share this story

Tags