Samachar Nama
×

पेरू में भारतीय युवक की SUV पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं, 10 बदमाशों ने घेरकर लूटे सोने के जेवरों से भरे बैग

पेरू में भारतीय युवक की SUV पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं, 10 बदमाशों ने घेरकर लूटे सोने के जेवरों से भरे बैग

दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में एक भारतीय युवक पर जानलेवा हमला हुआ है। हथियारों से लैस बदमाशों ने युवक की SUV को घेरकर उस पर 30 से ज्यादा गोलियां चलाईं। घटना के समय कार में भारतीय युवक के साथ पेरू की एक महिला भी मौजूद थी। दोनों एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी कई गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने रास्ते में उनकी कार रोक ली।

हमलावरों ने SUV के दरवाजे खोलकर उसमें रखे सोने के जेवरों से भरे बैग और सूटकेस लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए। हमले में भारतीय युवक और महिला घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एयरपोर्ट जाते समय बदमाशों ने SUV को घेरा

यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे पेरू के कैलाओ इलाके के ला पेरला जिले में सांता रोसा पहाड़ी के पास हुई। भारतीय युवक और महिला जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे।

पेरू के अखबार 'एल कॉमर्सियो' की रिपोर्ट के मुताबिक, कई गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने SUV को आगे और दोनों तरफ से घेर लिया। इस तरह उन्होंने कार में बैठे लोगों के भागने का रास्ता बंद कर दिया और फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस को आशंका है कि हमलावर पहले से ही भारतीय युवक और महिला का पीछा कर रहे थे। पूरी वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया।

पास की एक इमारत में लगे CCTV कैमरे में हमले की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में नकाब पहने बदमाश SUV को चारों तरफ से घेरते और उसकी खिड़कियों पर गोलियां चलाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक हमलावर कार में बैठे व्यक्ति को बाहर खींचकर सड़क पर गिराता हुआ भी नजर आता है।

तीन वैन से पहुंचे थे करीब 10 बदमाश

कैलाओ पुलिस क्षेत्र के प्रमुख जनरल ओल्गर बेनाविडेस ने बताया कि यह फायरिंग और लूटपाट की वारदात थी। इसमें करीब 10 बदमाश शामिल थे। उन्होंने तीन वैन और कुछ दूसरी गाड़ियों की मदद से भारतीय युवक की SUV को रोका था।

लूटपाट और फायरिंग के बाद सभी आरोपी अपनी गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही नेशनल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस को घटनास्थल पर पुल के पास कुछ मोबाइल फोन भी मिले हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये फोन घायल युवक और महिला के हैं या फिर हमलावरों के।

वारदात में इस्तेमाल गाड़ी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

जांच के दौरान पुलिस को हमले में इस्तेमाल हुई एक ग्रे रंग की गाड़ी के बारे में जानकारी मिली है। इस गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर B6H-624 बताया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस गाड़ी का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है।

  • 2011: संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले एक हादसे से जुड़े मामले में इस गाड़ी का रिकॉर्ड दर्ज हुआ था।

  • 2024: हत्या की कोशिश और हथियारों व विस्फोटकों के निर्माण तथा सप्लाई से जुड़े मामले में भी इसका नाम सामने आया था।

पुलिस अब इस गाड़ी के इस्तेमाल और वारदात में शामिल लोगों के आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

फिलहाल भारतीय युवक विजय और उनके साथ मौजूद महिला का इलाज जारी है। पुलिस लूटे गए सोने के जेवरों और सूटकेस की बरामदगी के साथ फरार हमलावरों की तलाश में जुटी है।

Share this story

Tags