Samachar Nama
×

ईरान में 14 साल की मां की पति ने पीट-पीटकर हत्या की, फुटेज में देंखे 10 दिन पहले दिया था बच्चे को जन्म; गर्भवती महिला की भी गोली मारकर हत्या

ईरान में 14 साल की मां की पति ने पीट-पीटकर हत्या की, फुटेज में देंखे 10 दिन पहले दिया था बच्चे को जन्म; गर्भवती महिला की भी गोली मारकर हत्या

ईरान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा की दो दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। करमान प्रांत में 14 साल की सोगंद मुश्तारेकी की उसके 20 वर्षीय पति ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोगंद ने महज 10 दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि मायके जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद पति ने उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना 6 नवंबर की बताई गई है।ईरान की नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के मुताबिक, आरोपी पति ने हत्या की बात कबूल कर ली है। उसने इसकी वजह पारिवारिक विवाद बताई है। वहीं, मानवाधिकार संगठन ईरान ह्यूमन राइट्स के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

13 साल की उम्र में हुई थी सोगंद की शादी

सोगंद की शादी महज 13 साल की उम्र में हुई थी। मानवाधिकार संगठन के मुताबिक, उसके पिता ने बताया कि पति उसे मायके वालों से बात नहीं करने देता था। उसे घर में बंद करके रखा जाता था और परिवार से संपर्क करने पर रोक लगाई जाती थी।रिपोर्ट के अनुसार, कुछ समय पहले सोगंद सड़क हादसे में घायल हो गई थी। वह बच्चे को जन्म देने के बाद भी उस हादसे से उबर रही थी। इसी बीच पति के साथ हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और उसकी जान चली गई।

तलाक मांगने पर गर्भवती महिला को मारी गोली

सोगंद की हत्या वाले दिन ही ईरान के फार्स प्रांत में 21 साल की सेपिदेह रईसी की भी हत्या कर दी गई। वह चार महीने की गर्भवती थी और उसका तीन साल का एक बच्चा भी था। रिपोर्ट के मुताबिक, सेपिदेह अपने पति से तलाक लेना चाहती थी। इसी बात को लेकर पति ने उसे गोली मार दी।हमले में सेपिदेह की मौत हो गई। उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई, जबकि गोलीबारी में उसकी मां घायल हो गई। सेपिदेह की शादी भी महज 13 साल की उम्र में हुई थी।

कई साल से पति की मारपीट झेल रही थी सेपिदेह

नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के मुताबिक, सेपिदेह कई वर्षों से अपने पति की मारपीट और हिंसा का सामना कर रही थी। वह इस रिश्ते से बाहर निकलकर तलाक लेना चाहती थी, लेकिन इसी मांग के बाद उसकी हत्या कर दी गई।

कम उम्र में शादी और घरेलू हिंसा पर फिर उठे सवाल

ईरान में सामने आई इन दोनों घटनाओं ने कम उम्र में शादी और घरेलू हिंसा के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है। दोनों महिलाओं की शादी किशोरावस्था में हुई थी। एक महिला ने 14 साल की उम्र में बच्चे को जन्म देने के बाद जान गंवाई, जबकि दूसरी चार महीने की गर्भवती थी।दोनों मामलों में पति पर हत्या के आरोप हैं। सोगंद के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। इन घटनाओं ने महिलाओं की सुरक्षा, घरेलू हिंसा से बचाव और कम उम्र में विवाह के गंभीर परिणामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Share this story

Tags