Samachar Nama
×

यमन में फिर बढ़ा हूती-सऊदी तनाव, फुटेज में देंखे बाब अल-मंदेब के पास मार्केट पर मिसाइल हमले का दावा; ट्रम्प से मांगी सैन्य मदद

यमन में फिर बढ़ा हूती-सऊदी तनाव, फुटेज में देंखे बाब अल-मंदेब के पास मार्केट पर मिसाइल हमले का दावा; ट्रम्प से मांगी सैन्य मदद

यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकार के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास हूती लड़ाकों की बढ़ती गतिविधियों के बीच एक स्थानीय बाजार पर मिसाइल हमले की खबर सामने आई है। यमनी सरकार से जुड़े एक स्रोत के मुताबिक, बाब अल-मंदेब के पास अल-मुदारिबाह वा रास अल-अराह इलाके में बाजार पर दो बैलिस्टिक मिसाइलें गिरीं। हमले में कई नागरिकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, हालांकि शुरुआती रिपोर्ट में घायलों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं की गई।

बाब अल-मंदेब के पास मार्केट को बनाया निशाना

रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को व्यस्त बाजार में मिसाइलें गिरीं। हमले से दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है। बाजार में उस समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। हालांकि, हमले के जिम्मेदार पक्ष और इससे जुड़ी पूरी जानकारी को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।हूती-सऊदी संघर्ष के बीच बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य बेहद महत्वपूर्ण क्षेत्र बना हुआ है। यह लाल सागर और अदन की खाड़ी को जोड़ने वाला प्रमुख समुद्री मार्ग है, जिसके कारण यहां जारी संघर्ष का असर क्षेत्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी पड़ सकता है।

राष्ट्रपति अल-अलीमी ने ट्रम्प से मांगी मदद

इसी बीच यमन के राष्ट्रपति नेतृत्व परिषद के प्रमुख राशद अल-अलीमी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से फोन पर बातचीत की। Reuters के मुताबिक, अल-अलीमी ने हूतियों के खिलाफ अपनी सरकार को अमेरिकी सैन्य समर्थन देने का अनुरोध किया। बातचीत में बाब अल-मंदेब के आसपास हूतियों की हालिया बढ़त पर चर्चा हुई।हालांकि, सूत्रों के मुताबिक ट्रम्प ने बातचीत के दौरान सीधे सैन्य मदद देने का कोई वादा नहीं किया। व्हाइट हाउस और यमनी सूचना मंत्री की ओर से तत्काल इस बातचीत पर आधिकारिक विस्तृत बयान नहीं दिया गया था।

बाब अल-मंदेब पर बढ़ी चिंता

पिछले दिनों हूती लड़ाकों ने बाब अल-मंदेब के आसपास रणनीतिक इलाकों में अपनी स्थिति मजबूत की है। इसके बाद सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकारी बलों और हूती विद्रोहियों के बीच लड़ाई तेज हुई है। अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में इस क्षेत्र को वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है।इस बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने भी क्षेत्रीय घटनाक्रम पर नजर बढ़ाई है। G7 देशों ने हाल ही में ईरान से हूतियों को हथियार और समर्थन देना बंद करने की अपील की थी तथा हूतियों से सैन्य गतिविधियां रोककर राजनीतिक प्रक्रिया में लौटने को कहा था।

Share this story

Tags