Houthi Attack News: यमन में हूती विद्रोहियों का कहर, हमले में 58 सैनिकों की मौत, सऊदी अरब में भी 11 लोग घायल
गुरुवार को ईरान समर्थित हूथी विद्रोहियों ने सऊदी अरब और यमन में एक साथ बड़े हमले किए। पहला हमला बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल करके यमन सरकार के सैन्य ठिकानों पर किया गया, जिसमें 58 सैनिक मारे गए और दर्जनों घायल हो गए। यमन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सही समय और जगह पर इसका जवाब दिया जाएगा। दूसरा हमला सऊदी अरब के नज्रान में हुआ, जिसमें 11 आम नागरिक घायल हो गए — इनमें सात सऊदी, एक यमनी, दो मिस्र के और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे। घायलों में चार साल का एक बच्चा भी था। हमलों के बाद नज्रान के कई हिस्सों में आग लग गई।
पिछले 24 घंटों की 5 बड़ी खबरें...
1. होर्मुज पर अमेरिका-ईरान के बीच जल्द समझौते की संभावना: AP की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर किसी समझौते पर पहुँच सकते हैं; ईरान और ओमान के बीच एक ड्राफ्ट अंतिम चरण में है।
2. ट्रंप का कहना है कि ईरान बातचीत चाहता है: ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने खुद बातचीत की पहल की और दोनों देशों के बीच बातचीत में अच्छी प्रगति हुई है। उनके अनुसार, ईरान के लिए समझौता सबसे अच्छा विकल्प होगा।
3. होर्मुज और बाब-अल-मंदेब में जहाजों की आवाजाही में कमी: समुद्री ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से केवल दो जहाज गुजरे, जबकि तनाव बढ़ने से पहले यहाँ से रोजाना 130-140 जहाज गुजरते थे। बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में भी जहाजों की आवाजाही लगातार कम हो रही है।
4. होर्मुज में टोल से वैश्विक महंगाई बढ़ सकती है: दुनिया के आठ बड़े शिपिंग संगठनों ने UN और IMO से अपील की है कि वे होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर कोई टोल या सर्विस चार्ज न लगाएं। उनका तर्क है कि इससे शिपिंग की लागत बढ़ेगी और वैश्विक महंगाई में बढ़ोतरी होगी।
5. लेबनान में दो इजरायली सैनिक मारे गए: दक्षिणी लेबनान में एक इमारत के अंदर हुए विस्फोट में दो इजरायली सैनिक मारे गए और चार घायल हो गए। इसके बाद इजरायल ने कई इलाकों में हवाई हमले किए।

