अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत को लेकर गलत बयानों पर भड़के पूर्व PM देवेगौड़ा, बोले - 'भारत के मेहनती किसानों से सीखिए ट्रंप साहब....'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में भारत की अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए उस पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की। ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को मृतप्राय बताया। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा इसे लेकर ट्रंप पर हमलावर हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पत्र साझा किया और ट्रंप पर झूठे दावे करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत का एक छोटा व्यापारी और एक गरीब किसान, जो अपना व्यवसाय बड़ी गरिमा, ईमानदारी और मानवता के साथ करता है, ट्रंप को कई सबक सिखा सकता है।
“Even a small trader and a poor farmer in India, who conducts his business with great dignity, integrity and humanity, can teach many lessons to Mr. Trump.” Read my full statement on the US President’s recent comments on India. @narendramodi @PMOIndia @PiyushGoyal @AmitShah pic.twitter.com/CiibX0l5F8
— H D Devegowda (@H_D_Devegowda) August 1, 2025
ट्रंप की निराधार और बेतुकी टिप्पणियों से हैरान
देवेगौड़ा ने कहा है कि अन्य लोगों की तरह, वह भी भारत और उसकी अर्थव्यवस्था पर ट्रंप की निराधार और बेतुकी टिप्पणियों से हैरान हैं। ऐसा कहकर ट्रंप ने दुनिया के अन्य देशों की तरह भारत के साथ भी बुरा व्यवहार किया है। देवेगौड़ा ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि आधुनिक इतिहास में कोई भी राष्ट्राध्यक्ष इतना अस्थिर, असभ्य और गैर-जिम्मेदार रहा है। देवेगौड़ा ने कहा कि ट्रंप ने न केवल भारत, बल्कि अपने पुराने सहयोगियों को भी नहीं बख्शा। उनमें कुछ बुनियादी तौर पर गड़बड़ है। जिसे कूटनीति या शासन कौशल से हल नहीं किया जा सकता। ट्रंप के चिड़चिड़े स्वभाव के बारे में इससे ज़्यादा कुछ कहना शायद ठीक न हो, क्योंकि इसका मतलब होगा अपने ही स्तर को गिराना।
ट्रंप की धमकियों के आगे नहीं झुके
देवगौड़ा ने कहा कि भारत एक संप्रभु राष्ट्र है जो विविधतापूर्ण और लोकतांत्रिक है। आज़ादी के बाद से, भारत ने हमेशा सर्वोच्च राष्ट्रीय हित में काम किया है। उसके पास ईश्वर प्रदत्त क्षमता और शक्ति है, जिसके कारण वह अपने रास्ते में आने वाली सभी कठिनाइयों का सामना कर सकता है और और मज़बूत होकर उभर सकता है। देवेगौड़ा ने कहा, "मुझे बहुत खुशी और गर्व है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं किया। उन्होंने ट्रंप की धमकियों के आगे नहीं झुके और दिखाया कि वह कभी किसी की धमकियों के आगे नहीं झुकेंगे। मोदी सरकार ने भारतीय कृषि क्षेत्र के साथ-साथ छोटे और मध्यम व्यवसायों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया है। मोदी सरकार के दृढ़ रुख से अभूतपूर्व पैमाने पर राष्ट्रीय पुनरुत्थान होगा।"
देवगौड़ा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा
पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा ने कहा कि भारत सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था रहा है और दुनिया की पाँचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। ट्रंप हमारी अर्थव्यवस्था को मृत घोषित कर रहे हैं, या तो उन्हें यह दिखाई नहीं दे रहा या फिर उनके पास पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने ट्रंप के बयान का समर्थन करने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर भी हमला बोला। ट्रंप के बयान का जश्न मना रहे विपक्षी नेताओं को चेतावनी देते हुए देवेगौड़ा ने उन्हें भारत में ट्रंप के भ्रमित प्रवक्ता बताया। उन्होंने कहा कि वह उन नेताओं की हताशा समझ सकते हैं, लेकिन उन्हें अपना और अपनी पार्टियों का नुकसान नहीं करना चाहिए। वरना वे भी ट्रंप के साथ इतिहास के कूड़ेदान में समा जाएँगे।

