Samachar Nama
×

Flydubai Flight: भारतीय पायलट ने नाकाम की विमान क्रैश करने की कोशिश, को-पायलट पर गंभीर आरोप
 

Flydubai Flight: भारतीय पायलट ने नाकाम की विमान क्रैश करने की कोशिश, को-पायलट पर गंभीर आरोप

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में कथित तौर पर ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने विमान की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. रिपोर्ट के मुताबिक, उड़ान के दौरान ओमानी को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश की. इस दौरान भारतीय पायलट स्मित माछर ने स्थिति को संभालते हुए बड़ी दुर्घटना को टालने में अहम भूमिका निभाई.
इटली के अखबार कोरिएरे डेला सेरा की रिपोर्ट के अनुसार, 30 सितंबर को उड़ान के दौरान कॉकपिट में अचानक अफरा-तफरी मच गई. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने कथित तौर पर कैप्टन माछर पर हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की.
कैप्टन पर कुल्हाड़ी से हमले का दावा
रिपोर्ट के मुताबिक, को-पायलट ने कथित तौर पर आपातकालीन कुल्हाड़ी से कैप्टन स्मित माछर पर हमला किया. इसके बाद उसने विमान के योक का नियंत्रण संभालकर जेट को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की.
दावा किया गया है कि को-पायलट ने बाद में विमान के दोनों इंजनों को बंद करने की भी कोशिश की. हालांकि, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन माछर ने स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और बाकी क्रू की मदद से विमान को नियंत्रण में लाया गया.
तेल अवीव की इमारत से टकराने की थी कथित योजना
रिपोर्ट में इजरायली खुफिया जानकारी का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को तेल अवीव ले जाकर शहर की किसी ऊंची इमारत से टकराने की योजना बनाई थी.
रिपोर्ट के अनुसार, कथित योजना इस तरह बनाई गई थी कि विमान को इतनी तेजी से लक्ष्य की ओर ले जाया जाए कि लड़ाकू विमानों को उसे रोकने का पर्याप्त समय न मिल सके. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है.
विमान में 174 यात्री और छह क्रू सदस्य थे
रिपोर्ट के मुताबिक, जिस समय यह घटना हुई, विमान में 174 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे. विमान के अचानक नियंत्रण से बाहर होने के बाद कुछ समय के लिए उसकी ऊंचाई में भी तेजी से गिरावट आई.
बताया गया है कि घायल कैप्टन माछर ने कॉकपिट के अंदर मौजूद क्रू और अन्य लोगों तक पहुंचने में सफलता हासिल की. इसके बाद को-पायलट को काबू में किया गया और विमान को दोबारा स्थिर किया गया.
सऊदी अरब में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग
घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी. इसके बाद यात्रियों को आगे तेल अवीव भेजे जाने की बात रिपोर्ट में कही गई है.
वहीं, को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी को सऊदी अधिकारियों ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. बाद में उसे संयुक्त अरब अमीरात ले जाया गया, जहां वह फिलहाल हिरासत में बताया जा रहा है.
इस पूरे मामले में को-पायलट की पृष्ठभूमि और कथित चरमपंथी विचारों की भी जांच किए जाने की बात सामने आई है. हालांकि, विमान को क्रैश करने की कथित साजिश और उससे जुड़े अन्य दावों की आधिकारिक जांच के निष्कर्ष का इंतजार है.
 

Share this story

Tags