Samachar Nama
×

Flydubai Attack: कैप्टन स्मित मच्छर पर हमले के आरोपी को-पायलट की पहचान सामने आई, जांच में कई सवाल
 

Flydubai Attack: कैप्टन स्मित मच्छर पर हमले के आरोपी को-पायलट की पहचान सामने आई, जांच में कई सवाल

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर हमले के मामले में आरोपी को-पायलट की पहचान हमाम अलहमामी के तौर पर हुई है. वह ओमान का नागरिक बताया जा रहा है. 30 सितंबर को उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुई इस घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी. घटना की जांच UAE, सऊदी अरब और इजराइली एजेंसियां कर रही हैं.

को-पायलट पर कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित होने का आरोप
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमाम अलहमामी के कथित कट्टरपंथी विचारों को लेकर पहले भी सवाल उठे थे. टाइम्स ऑफ इंडिया ने अल अरबिया की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि उसने ओमान से बाहर काफी समय बिताया था और सीरिया में भी रहा था, जहां उसके कथित तौर पर कट्टरपंथी विचारों से प्रभावित होने की बात सामने आई है.
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी घटना के बाद को-पायलट के कथित कट्टरपंथी इस्लामी प्रभाव में आने की बात कही थी. हालांकि, जांच एजेंसियां अभी घटना के पूरे मकसद और पृष्ठभूमि की जांच कर रही हैं. रॉयटर्स के मुताबिक, आरोपी की मंशा को लेकर जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.
2024 में ओमान में उड़ान प्रशिक्षण से हटाए जाने की रिपोर्ट
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि हमाम अलहमामी को 2024 में ओमान में पायलट ट्रेनिंग से हटा दिया गया था. उसके बाद उसे एयरलाइन में दूसरी भूमिका दिए जाने की बात सामने आई है. इसके बाद वह फ्लाईदुबई से जुड़ा और करीब आठ महीने से कंपनी के साथ काम कर रहा था.
अब जांच एजेंसियां इस पहलू को भी देख रही हैं कि पहले सामने आई चिंताओं के बावजूद वह फ्लाईदुबई की तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट के कॉकपिट तक कैसे पहुंचा. इजराइल ने घटना के बाद देश में आने वाले विमानों के पायलटों की सुरक्षा जांच और पहचान प्रक्रिया को और सख्त करने की बात कही है.

विमान को गिराने की कोशिश का आरोप
इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, घटना के दौरान को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छर पर हमला किया और विमान तेजी से नीचे जाने लगा. रॉयटर्स के अनुसार, विमान ने करीब 30 सेकंड में 16 हजार फीट से ज्यादा ऊंचाई खो दी थी.
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने विमान को इजराइल में गिराने की इच्छा जताई थी. हालांकि, यह दावा जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आया है और मामले की जांच अभी पूरी नहीं हुई है.
घायल होने के बावजूद कैप्टन ने खोला कॉकपिट का दरवाजा
हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. इसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने अंदर पहुंचकर आरोपी को काबू किया.
विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी फ्लाईदुबई पायलटों ने भी विमान को सुरक्षित उतारने में मदद की. इसके बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया. विमान में 174 लोग सवार थे.
कैप्टन स्मित मच्छर का अबू धाबी में इलाज
हमले में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर को इलाज के लिए बाद में अबू धाबी ले जाया गया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कॉल पर घटना के बारे में बात भी की और बताया कि विमान के नीचे जाने का एहसास होने के बाद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने का फैसला किया.
आरोपी से पूछताछ और जांच जारी
घटना के बाद आरोपी को-पायलट को हिरासत में लिया गया और बाद में UAE भेजे जाने की जानकारी सामने आई. अब जांच एजेंसियां उसके कथित मकसद, पिछली पृष्ठभूमि, पायलट के तौर पर उसकी जांच प्रक्रिया और फ्लाइट FZ1073 में उसकी तैनाती से जुड़े पहलुओं को खंगाल रही हैं. रॉयटर्स के मुताबिक, अभी तक घटना की अंतिम वजह और मकसद को लेकर जांच पूरी नहीं हुई है.
 

Share this story

Tags