पहले चुप रहने को कहा, फिर मिला सम्मान: अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ ने ड्यूटी पर तैनात सैनिक को दिया मेडल, जानिए पूरा मामला
अमेरिका में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को चुप रहने की हिदायत देने वाले सैनिक को अगले ही दिन सम्मानित किया गया। दरअसल, वेटरन्स डे के कार्यक्रम के दौरान युद्ध स्मारक पर ड्यूटी कर रहे सैनिक थॉमस इग्लेसियस ने रक्षा मंत्री और उनकी टीम को शांति बनाए रखने के लिए टोका था। इसके बाद गुरुवार को हेगसेथ ने उसी सैनिक को पेंटागन बुलाकर 'जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल' से सम्मानित किया।रक्षा मंत्री ने सम्मान समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सैनिक की तारीफ भी की। उन्होंने लिखा, "हम अपने सैनिकों से प्यार करते हैं। हमें अनुशासन और नियमों का पालन पसंद है। शाबाश स्पेशलिस्ट, अपना काम करते रहो।"
वेटरन्स डे पर आखिर क्या हुआ था?
यह पूरा मामला 11 नवंबर को अमेरिका में मनाए गए वेटरन्स डे का है। इस अवसर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ अर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान पहुंचे थे। यहां युद्ध में शहीद हुए अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई।कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रक्षा मंत्री हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर और तीन सलाहकारों रिकी बुरिया, टैमी राडाबॉ और पैट्रिक वीवर के साथ टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर के सामने तस्वीरें खिंचवा रहे थे।इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के बातचीत करने और हंसने की आवाज सुनाई देने लगी। स्मारक पर पहरा दे रहे सैनिक थॉमस इग्लेसियस ने तुरंत उन्हें टोका और आवाज लगाकर कहा कि सभी लोग हर समय शांति और सम्मान बनाए रखें।इस घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसमें सैनिक लोगों को शांत रहने की हिदायत देते दिखाई दिए। खास बात यह थी कि उन्होंने रक्षा मंत्री और उनके साथ मौजूद लोगों के लिए भी वही नियम लागू किया, जो वहां आने वाले सभी लोगों पर लागू होता है।
अगले दिन पेंटागन बुलाकर दिया मेडल
घटना के अगले दिन यानी गुरुवार को रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सैनिक थॉमस इग्लेसियस को पेंटागन बुलाया। यहां उन्हें 'जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल' देकर सम्मानित किया गया।हेगसेथ ने इस मौके पर सैनिक के अनुशासन और अपनी जिम्मेदारी निभाने के तरीके की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए संदेश दिया कि सेना में अनुशासन और नियमों का पालन सबसे महत्वपूर्ण है।
पेंटागन ने भी सैनिक के व्यवहार को बताया सही
वीडियो सामने आने के बाद पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने भी सैनिक थॉमस इग्लेसियस का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सैनिक ने वहां मौजूद लोगों को शांति और सम्मान बनाए रखने की सही तरीके से याद दिलाई थी।
दरअसल, टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर पर तैनात सैनिकों की जिम्मेदारी केवल स्मारक की सुरक्षा करना नहीं है, बल्कि वहां आने वाले लोगों से अनुशासन बनाए रखने की अपेक्षा करना भी है। यहां किसी को भी शोर करने, हंसने या तेज आवाज में बातचीत करने की अनुमति नहीं होती।
क्या है टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर?
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी के पास स्थित अर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान में टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर यानी अज्ञात सैनिक की समाधि बनाई गई है। यह अमेरिका के सबसे महत्वपूर्ण सैन्य स्मारकों में से एक है।
इस स्मारक में उन अमेरिकी सैनिकों के अवशेष रखे गए हैं, जिनकी युद्ध के दौरान मौत हो गई थी, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई थी। यहां प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध के अज्ञात सैनिकों के अवशेष रखे गए हैं।
1948 से दिन-रात पहरा दे रही है अमेरिकी सेना
इस ऐतिहासिक स्मारक की सुरक्षा अमेरिकी सेना की तीसरी इन्फैंट्री रेजिमेंट करती है, जिसे 'द ओल्ड गार्ड' के नाम से जाना जाता है। साल 1948 से इस रेजिमेंट के सैनिक यहां लगातार दिन-रात पहरा दे रहे हैं।यहां तैनात सैनिकों को हर परिस्थिति में अनुशासन और सतर्कता बनाए रखनी होती है। स्मारक पर आने वाले लोगों को भी शांति और सम्मान का ध्यान रखना पड़ता है। यही वजह है कि थॉमस इग्लेसियस ने रक्षा मंत्री और उनकी टीम को भी नियमों का पालन करने की याद दिलाई।

