व्हाइट हाउस के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, 5 लोगों को लगी गोली; फुटेज में देंखे आरोपी फरार, आसपास के स्कूलों में लॉकडाउन
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में व्हाइट हाउस के पास गुरुवार को गोलीबारी की घटना सामने आई। इस फायरिंग में 5 लोगों को गोली लगी है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायलों की हालत को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और आसपास के स्कूलों में लॉकडाउन लगा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को व्हाइट हाउस से करीब 1.6 किलोमीटर दूर स्थित लोगान सर्कल इलाके में कई जगहों पर फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। अधिकारियों ने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और घटनास्थल की ओर नहीं जाने की सलाह दी।
15वीं स्ट्रीट के आसपास जाने से बचने की अपील
गोलीबारी के बाद पुलिस ने लोगों से 15वीं स्ट्रीट के 1500 ब्लॉक के आसपास जाने से बचने की अपील की। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की कई सड़कों को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।घटना के बाद आसपास के स्कूलों में भी सुरक्षा को लेकर लॉकडाउन लगा दिया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें इलाके में लगातार निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से जांच पूरी होने तक घटनास्थल के आसपास नहीं जाने को कहा है।
रिहायशी इमारतों और चर्च के पास हुई घटना
जिस इलाके में गोलीबारी की सूचना मिली, वहां कई महत्वपूर्ण स्थान मौजूद हैं। इसमें VIDA फिटनेस सेंटर, सेंट ल्यूक एपिस्कोपल चर्च और कई रिहायशी इमारतें शामिल हैं। इसके अलावा घटनास्थल से कुछ दूरी पर होल फूड्स सुपरमार्केट भी स्थित है।इस वजह से घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों के बीच दहशत फैल गई। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (AP) ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि फिलहाल घटना से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। गोलीबारी की सटीक जगह का भी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।पुलिस उसकी तलाश कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी और आरोपी ने किन परिस्थितियों में फायरिंग की। अधिकारियों की ओर से मामले में आगे की जानकारी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।

