Samachar Nama
×

वॉशिंगटन में डर्टी बम या केमिकल हथियार से हमले की आशंका, वीडियो में जाने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ईरान पर शक; ट्रम्प प्रशासन के अधिकारी निशाने पर

वॉशिंगटन में डर्टी बम या केमिकल हथियार से हमले की आशंका, वीडियो में जाने अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ईरान पर शक; ट्रम्प प्रशासन के अधिकारी निशाने पर

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में डर्टी बम या रासायनिक हथियार से हमले की आशंका जताई जा रही है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि ईरान इस तरह के हमले की योजना बना सकता है। अमेरिकी समाचार चैनल सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, संभावित हमले में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है, जिससे यह साबित हो सके कि ईरान ने हमले का अंतिम फैसला कर लिया है।इस खुफिया जानकारी के सामने आने के बाद अमेरिकी प्रशासन सतर्क हो गया है। पिछले एक सप्ताह के दौरान अमेरिकी अधिकारियों ने कई उच्चस्तरीय बैठकें की हैं। इन बैठकों में संभावित हमले के खतरे, सुरक्षा व्यवस्था और उससे बचाव के उपायों पर चर्चा की गई। एहतियात के तौर पर ट्रम्प प्रशासन के कुछ अधिकारियों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

ईरान के हमले की अलग-अलग संभावनाओं पर विचार

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों से जुड़े सात अमेरिकी अधिकारियों ने इस मामले को लेकर जानकारी दी है। उनके अनुसार, ईरान अमेरिका के भीतर हमला करने के अलग-अलग विकल्पों पर विचार कर रहा है। इनमें डर्टी बम और जहरीले रासायनिक पदार्थों के इस्तेमाल की आशंका भी शामिल है।हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है, जिससे यह पुष्टि हो कि ईरान ने वास्तव में अमेरिका पर हमला करने का निर्णय लिया है। इसके बावजूद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं करना चाहतीं।

अमेरिका में बम बनाने का सामान छिपाने की बातचीत का दावा

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ऐसी बातचीत की जानकारी मिली है, जिसमें कथित तौर पर ईरान की ओर से अमेरिका के अंदर बम बनाने के लिए जरूरी सामान छिपाकर रखने की बात कही गई है।हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों को इस खुफिया जानकारी की विश्वसनीयता पर संदेह है। इसके बावजूद कुछ अधिकारियों का मानना है कि ईरान ने अमेरिका में पहले से ही रेडियोधर्मी पदार्थ या जहरीले रासायनिक तत्व पहुंचाकर रखे हो सकते हैं।अधिकारियों को आशंका है कि यदि ऐसी सामग्री पहले से अमेरिका  मौजूद है तो उसका इस्तेमाल किसी हमले के लिए किया जा सकता है। फिलहाल इस तरह की सामग्री की मौजूदगी को लेकर कोई पुख्ता पुष्टि नहीं हुई है।

अमेरिका में मौजूद व्यक्ति का इस्तेमाल कर सकता है ईरान

खुफिया अधिकारियों के मुताबिक, संभावित हमले के लिए ईरान को अपने लोगों को अमेरिका भेजने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। आशंका जताई जा रही है कि वह अमेरिका में पहले से रह रहे किसी व्यक्ति को हमले के लिए तैयार कर सकता है।इस संभावना ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों का मानना है कि देश के भीतर मौजूद किसी व्यक्ति के जरिए हमला करने की आशंका की जांच करना सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

क्या होता है डर्टी बम?

डर्टी बम ऐसा विस्फोटक उपकरण होता है, जिसमें पारंपरिक विस्फोटक के साथ रेडियोधर्मी पदार्थ का इस्तेमाल किया जाता है। इसके विस्फोट से आसपास के क्षेत्र में रेडियोधर्मी प्रदूषण फैल सकता है। यह परमाणु बम से अलग होता है और इसमें परमाणु विस्फोट नहीं होता।फिलहाल अमेरिकी एजेंसियां संभावित खतरे से जुड़ी सूचनाओं की जांच कर रही हैं। ट्रम्प प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। हालांकि, ईरान की ओर से हमले की योजना बनाए जाने या अमेरिका में रेडियोधर्मी सामग्री छिपाकर रखने के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Share this story

Tags