स्विट्जरलैंड के अल्पाइन स्की रिसॉर्ट में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान धमाका, वीडियो में देखें कई देशों के नागरिकों के घायल होने की आशंका
स्विट्जरलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल क्रांस मोंटाना शहर में स्थित अल्पाइन स्की रिसॉर्ट में गुरुवार को नए साल के जश्न के दौरान बड़ा हादसा हो गया। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के बीच रिसॉर्ट में जोरदार विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अंतरराष्ट्रीय न्यूज मीडिया ‘द मिरर’ ने स्थानीय मीडिया के हवाले से दावा किया है कि इस विस्फोट में अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि स्विस पुलिस ने आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की है।
स्विट्जरलैंड पुलिस ने गुरुवार को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट क्रांस मोंटाना के अल्पाइन स्की रिसॉर्ट परिसर में स्थित ‘कॉन्स्टेलेशन बार’ में हुआ। यह घटना रात करीब 1 बजे उस समय हुई, जब बड़ी संख्या में लोग न्यू ईयर सेलिब्रेशन में शामिल थे। बार में उस वक्त स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि बार के एक हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। धमाके के तुरंत बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने यह भी बताया कि इस घटना में कई देशों के नागरिकों के हताहत होने की आशंका है, क्योंकि क्रांस मोंटाना स्की रिसॉर्ट दुनिया भर के पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। नए साल के मौके पर यहां बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी पहुंचे हुए थे। फिलहाल पीड़ितों की पहचान और उनकी राष्ट्रीयता का पता लगाने का काम जारी है।
विस्फोट के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं से जांच कर रही हैं। यह भी जांच की जा रही है कि विस्फोट किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है। एहतियातन पूरे रिसॉर्ट इलाके को सील कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
घटना के बाद स्विस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने पीड़ितों और उनके परिजनों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया है। कई देशों के दूतावास भी अपने नागरिकों की जानकारी जुटाने में सक्रिय हो गए हैं।
क्रांस मोंटाना अल्पाइन स्की रिसॉर्ट स्विट्जरलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है और हर साल सर्दियों के मौसम में यहां लाखों पर्यटक आते हैं। न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि पर टिकी हुई हैं, जिससे इस दर्दनाक घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

